वाराणसी में पकड़ा गया 5 करोड़ का गांजा, नक्सलियों को होनी थी सप्लाई!

वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी में चेकिंग में 38.5 कुंटल गांजा पकड़ा गया है जो कि अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। डीआरआई टीम द्वारा राजा तालाब के पास एक ट्रक को रोककर जब तलाशी ली गई तो लगभग 38.5 कुंटल गांजे की रिकवरी हुई। गांजे की ये खेप जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर जा रही थी। डीआरआई वाराणसी की टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गांजे की बाज़ारी क़ीमत क़रीब 5 करोड़ पचहत्तर लाख रुपए बताई जा रही है।
गांजा ट्रक में पशु आहार की बोरियों के नीचे छिपा कर रखा गया था। दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इन तस्करों के कनेक्शन उड़ीसा और आंध्र प्रदेश के नक्सल एरिया में रहने वाले गांजा के तस्करों से हैं जो गांजे की सप्लाई पूरे देश में करते हैं और गांजे की कमाई का इस्तेमाल नक्सल गतिविधियों में करते हैं। इस संबंध में जौनपुर के रहने वाले गांजा तस्करों की खोजबीन शुरू कर दी गई है। सूत्रों की माने तो इसमें प्रयागराज और जौनपुर के कुछ सफेदपोश लोगों का भी हाथ है। जल्द ही इनकी जांच कर इस संबंध में खुलासा किया जाएगा।
