वाल्मिकी टाइगर रिजर्व में शिकारियों की साजिश को वनकर्मियों ने किया नाकाम, पांच जाल बरामद

बगहा। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले स्थित वाल्मिकी टाइगर रिजर्व में वनकर्मियों ने शिकारियों के बड़े जानवरों के शिकार की साजिश को नाकाम कर दिया है। वन प्रमंडल दो के मदनपुर वनक्षेत्र के उत्तर प्रदेश और बिहार के बार्डर से सटे महदेवा जंगल के कक्ष संख्या एम 5 के जंगलों में शिकारियों ने बड़े जानवरों का शिकार करने के लिए जाल लगाया था। मगर सचेत वनकर्मियों ने 5  जाल जब्त किया है। शिकारियों का समूह वनकर्मियों की टीम को देखकर फरार हो गया। वन क्षेत्र के वनकर्मी इन अज्ञात शिकारियों की पहचान करने में जुट गए हैं। टाइगर रिजर्व में इस कारवाई की पुष्टि करते हुए मदनपुर वनक्षेत्र के प्रभारी अधिकारी अवधेश प्रसाद सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि मदनपुर वनक्षेत्र के यूपी और बिहार से सटे महदेवा जंगल में शिकारियों का समूह घुसपैठ कर जाल लगाकर बड़े जानवर का शिकार करने के फिराक में है। वनक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि वनरक्षी संटु कुमार के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम को शिकारियों को पकड़ने के लिए भेजा गया था। टीम को देखते ही शिकारियों के बीच हड़कंप मच गया और वो अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। वनकर्मियों की टीम ने जंगल की तलाशी कर शिकारियों के पांच जाल बरामद किए हैं। 

Leave a Reply