विकास जैसे छोटे मुद्दे को राष्ट्र की सुरक्षा से जोड़ना अनुचित : विजय रूपाणी

अहमदाबाद | गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मतदाताओं से अपील की है कि वोटिंग के दौरान व नागरिकों की उपलब्ध सुविधा और विकास जैसे छोटे मुद्दों को राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों से जोड़कर न देखें| मध्य गुजरात के आणंद में आयोजित जनसभा में विजय रूपाणी ने कहा कि मौजूदा लोकसभा के चुनाव अलग हैं| प्रत्येक चुनाव का अपना एक महत्व होता है| यदि यह नगर पालिका का चुनाव होता तो गटर, सड़क, पानी, बिजली और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर चर्चा होती| विधानसभा चुनाव होता तो राज्य के विकास कार्यों के मुद्दे पर बात होती| लेकिन लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय हित के मुद्दों को ध्यान में रखा जाना चाहिए| यदि हम छोटे मुद्दों को ध्यान में रखकर वोटिंग करते हैं तो देश के कल्याण के लिए बड़े मुद्दों को नजरअंदाज करेंगे| मुख्यमंत्री ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को डरपोक पार्टी बताया और कहा कि उसमें पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की हिम्मत नहीं थी| पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह का उपहास करते हुए रूपाणी ने कहा कि जिस गति से वह मुंबई हमले के बारे में बात करते थे, तब उनका वाक्य पूरा होने से पहले एक और हमला हो जाता था| जबकि पीएम मोदी के नेतृत्ववाली सरकार ने आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया है| ऊरी के बाद पाकिस्तान घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की और पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया| उन्होंने महागठबंधन को चोरों की जमात बताया है और कहा कि कोलकाता में चोरों की जमात एक-दूसरे का हाथ उठाने में मदद कर रही थी| पिछले पांच साल में मोदी सरकार ने इन लोगों की दुकान बंद कर दी है| जिसमें अखिलेश यादव, मुलायम यादव, ममता बनर्जी, मायावती, लालू यादव हों या राहुल गांधी शामिल हैं और ये सभी लोग केवल मोदी हटाओ का विलाप कर रहे हैं| जबकि पीएम मोदी भ्रष्टाचार हटाओ, गरीबी हटाओ की बात कर रहे हैं| अब यह देश के लोगों को तय करना है कि वह किसे हटाना चाहते हैं|
