विक्रम राठौड़ बने टीम इंडिया के नये बल्लेबाजी कोच

मुंबई । पूर्व सलामी बल्लेबाज विक्रम राठौड़ को टीम इंडिया का नया बल्लेबाजी कोच बनाया गया है। राठौड़ को संजय बांगड़ की जगह बल्लेबाजी कोच बनाया गया है। वहीं गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण कोच के तौर पर भरत अरुण और आर श्रीधर अपने पदों पर बने रहेंगे। एमएसके प्रसाद की अध्यक्षता वाली सीनियर राष्ट्रीय चयनसमिति ने इन तीनों अहम पदों के लिए केवल एक बदलाव के साथ ही बांगड़ को हटाया है। पिछले कुछ समय के दौरान भारतीय बल्लेबाजी उम्मीद के अनुरुप नहीं रही है,ऐसे में बांगड़ को हटाया जाना तय माना जा रहा था।  बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण कोच के लिए तीन-तीन नाम दौड़ में थे। 
50 वर्षीय राठौड़ ने 1996 में भारत की तरफ से 6 टेस्ट और 7 एकदिवसीय मैच खेले थे हालांकि उनका प्रदर्शन विशेष नहीं रहा है। वहीं घरेलू क्रिकेट में पंजाब की तरफ से उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। वह 2016 तक संदीप पाटिल की अगुवाई वाली सीनियर चयनसमिति के सदस्य भी थे। 
बीसीसीआई सीईओ राहुल जोहरी ने कहा, ‘राठौड़ को पर्याप्त अनुभव है और हमें कोच के रूप में उनके कौशल पर विश्वास है।’ चयनसमिति की सिफारिशों के अनुसार वर्तमान बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ दूसरे और इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्क रामप्रकाश तीसरे नंबर पर रहे। 
नितिन पटेल फिजियो के पद पर बरकरार, वुडहाउस  अनुकूलन कोच बने
जोहरी ने कहा, ‘टीम प्रबंधन की अपनी राय थी, लेकिन हमें लगा कि सहयोगी स्टाफ में कुछ नए चेहरों की जरूरत है।’ मुंबई इंडियंस के पूर्व फिजियो नितिन पटेल को फिर से राष्ट्रीय टीम का फिजियो बनाया गया है। वह इससे पहले 2011 में इस पद पर थे। इंग्लैंड के ल्यूक वुडहाउस को अनुकूलन कोच नियुकत किया गया है।
सुब्रहमण्यम की जगह गिरीश डोंगरी बने मैनेजर 
मौजूदा प्रशासनिक मैनेजर सुनील सुब्रहमण्यम को अपना पद गंवाना पड़ा है। उन्हें वेस्ट इंडीज दौरे के दौरान भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करना महंगा पड़ा। सुब्रहमण्यम की जगह गिरीश डोंगरी को नया मैनेजर बनाया गया है। सुब्रहमण्यम के खिलाफ विश्वकप के दौरान भी शिकायतें आईं थीं। 

Leave a Reply