विवाहिता की कमरे में लटकती मिली लाश

बाराबंकी। कोतवाली देवा अन्तर्गत शनिवार की सुबह एक नवविवाहिता की लाश संदिग्ध अवस्था में घर के अन्दर कमरे में लगे हुक के सहारे लटकती हुई मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली देवा के ग्राम इसराहना निवासी अरुण रावत की शादी चार माह पूर्व 22 फरवरी को जनपद लखनऊ के ग्राम हरदासी खेड़ा निवासिनी शालिनी रावत के साथ में धूमधाम के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच आपसी ताल मेल था। शनिवार की सुबह जब अरुण रावत बगल के कमरे में लेटी अपनी पत्नी शालिनी को जगाने गया तो उसने देखा कि साड़ी के सहारे कमरे में लगे पंखे से शालिनी की लाश लटक रही है। अरुण ने उक्त घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना के बारे मंे मृतका के पति अरुण का कहना था कि मेरी पत्नी ने फांसी क्यों लगायी इसका मुझे पता नही है हम लोगों के बीच कोई भी कहासुनी नही हुई थी वहीं दूसरी तरफ घटना के बारे में प्रभारी निरीक्षक देवा का कहना था कि अभी किसी ने तहरीर नही दी है साथ ही में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।
