विशाल पेड ऑटो रिक्शा पर गिरा, ड्राइवर की मौत, दो घायल

अहमदाबाद | शहर के मणीनगर क्षेत्र में रविवार की सुबह एक विशाल नीम का पेड़ ऑटो रिक्शा पर गिर गया| इस घटना में ऑटो ड्राइवर की घटनास्थल पर मौत हो गई| जबकि दो बाइक सवार घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
अहमदाबाद समेत राज्यभर में बारिश ने कहर बरपा रखा है| अहमदाबाद में शनिवार को भारी बारिश होने से कई इलाके जलमग्न हो गए थे| तेज हवा के कारण शहर में करीब 100 जितने पेड़ धराशायी हो गए थे| हांलाकि शनिवार शाम से अहमदाबाद में बारिश थम गई है| रविवार की सुबह अहमदाबाद के मणीनगर के जवाहर चौक क्षेत्र में एक विशालकाय नीम का पेड़ वहां से गुजर रहे ऑटो रिक्शा पर गिर गया| जिसमें ऑटो रिक्शा चालक की मौत हो गई| जबकि दो मोटर साइकिल सवार घायल हो गए| घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है| खबर मिलते ही फायर विभाग समेत पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई| फायर विभाग के जवानों ने पेड के नीचे दबे ऑटो रिक्शा से ड्राइवर का शव निकाला| स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र के कई पेड़ कभी भी ढह सकते हैं और इस बारे में महानगर पालिका से कई दफा शिकायत की गई है| इसके बावजूद महानगर पालिका की ओर से पेड़ हटाने की कोई कार्यवाही नहीं की गई| जिसकी वजह से आज एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई|
