विश्वकप में हाई स्कोरिंग मैच होंगे : द्रविड़

नई दिल्ली । पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ ने कहा है कि भारतीय टीम ने पिछले कुछ वर्षो में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। द्रविड़ ने कहा , ‘हमारे पास विश्व कप के लिए एक संतुलित टीम है। आईसीसी रैंकिंग साबित करती है कि भारत वहां पर है। नंबर वन बनने के लिए विश्व कप जीतना चाहिए।’ पूर्व कप्तान ने साथ ही यह भी माना कि विश्वकप में हाई स्कोरिंग मैच होंगे। उन्होंने कहा, ‘यह विश्व कप शायद अधिक स्कोरिंग वाला होगा और भारत इसके लिए अच्छी तरह से तैयार है। इंग्लैंड की परिस्थितियां वास्तव में बदल गई है, खासकर एकदिवसीय क्रिकेट में। पिछले साल हम ए सीरीज के लिए वहां थे और वहां पर कई हाई स्कोरिंग मैच हुए थे।’ यह पूछे जाने पर विश्व कप के लिए ऋषभ पंत और अंबाती रायडू को भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है, द्रविड़ ने कहा, ‘भारत के पास इस विश्व कप के लिए एक अच्छी और संतुलित टीम है. बहुत सारे संयोजन, बहुत सारे विकल्प हैं। ये टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन का सवाल है। आप हमेशा एक या दो नामों पर बहस कर सकते हैं. जिन नामों को चुना गया है उसके साथ रहें और अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रखें।’
