विश्व कप में पुरानी जर्सी में उतरेगी ऑस्ट्रेलिया

मेलबोर्न । आगामी विश्व कप में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम पुराने लुक में नज़र आएगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने अपनी खेल सामान प्रायोजक कंपनी एसिस के साथ करार कर मंगलवार को आगामी विश्वकप के लिए टीम की जर्सी लांच की। खिलाड़ियों की जर्सी पीले रंग की है जिसमें कॉलर हल्के हरे रंग के हैं जबकि पैंट पर भी हरे रंग की पट्टी है। वर्ष 1999 में भी टीम की यही जर्सी थी। सीए ने अपनी जर्सी लांच में ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को इसे पहने हुए दिखाया है। टीम की इस किट को प्रशंसकों ने वोट देकर चुना है। खिलाड़ियों के लिये कुल 7 तरह की जर्सी में से प्रशंसकों ने करीब 20 वर्ष पुरानी जर्सी को ही अपनी मौजूदा टीम के लिए पसंद किया है। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया अपने अभियान की शुरुआत विश्वकप में ब्रिस्टल में 1 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ करेगी। भारत और पाकिस्तान के खिलाफ उनकी घरेलू एकदिवीसय सीरीज़ में जीत दर्ज करने के बाद ऑस्ट्रेलिया के हौंसले और बुलंद हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने एलेन बार्डर की कप्तानी में 1987 में पहली बार विश्व खिताब जीता था।
