विश्व कप में मिल सकता है दीपक चाहर को मौका 

मुम्बई । आगामी विश्व कप क्रिकेट के लिए टीम इंडिया की घोषणा 15 अप्रैल को होने वाली है। विश्व कप के लिए करीब-करीब पूरी टीम तय है। वहीं विश्व कप खेलने गयीं भारतीय टीमों का इतिहास देखा जाए तो पता चलता है कि हर बार एक ऐसा खिलाड़ी टीम में गया था जिसका नाम पहले संभावितों में नहीं था। इस बार भी ऐसा अनुमान है कि टीम इंडिया में एक नाम हैरान कर सकता है। यह नाम चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के लिए खेलने वाले दीपक चाहर हो सकते हैं। दीपक ने इस सत्र में शानदार गेंदबाजी की है। चाहर नई गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं यानी वे आउट व इन स्विंग दोनों गेंद डाल सकते हैं। साथ ही वे स्‍लोअर गेंदों का भी बखूबी इस्‍तेमाल करते हैं। वे सीएसके के लिए पावरप्‍ले के ओवरों की जिम्‍मेदारी संभालते हैं। इस दौरान टीम को शुरुआती सफलता दिलाने की जिम्मेदारी दीपक पर रहती है। कोलकाता के खिलाफ चाहर ने तीन ओवर में केवल 14 रन खर्च किए और 3 विकेट लिए। इस दौरान उन्‍होंने केवल 18 गेंद में केकेआर के क्रिस लिन, नीतीश राणा और रोबिन उथप्‍पा के विकेट लिए। 
चाहर टीम की रणनीति और जरूरत के हिसाब से गेंद डालते हैं। उनकी इस सटीक गेंदबाजी का श्रेय अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी को भी जाता है। धोनी ने चाहर को सीएसके की जरूरत के हिसाब से बखूबी इस्‍तेमाल किया है। ऐसे में चाहर इंग्‍लैंड में होने वाले विश्व कप के लिए बेहतरीन विकल्‍प हो सकते हैं। इंग्‍लैंड की परिस्थितियां स्विंग गेंदबाजी को मदद करती हैं।

Leave a Reply