शराबबंदी को लेकर फिर से सख्त हुए नीतीश कुमार

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिर से सख्त हो गए हैं उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शराब पीने वालों के साथ-साथ शराब के धंधे में शामिल लोगों पर भी नकेल कसी जाए। शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को सोशल मीडिया और दूसरे प्रचार तंत्रों के माध्यम से सचेत और जागरूक किया जाए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक एसके सिंघल ने बताया कि सभी जिलों से शराब की बड़े पैमाने पर रिकवरी की जा रही है। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसको लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है और बड़े-बड़े शराब के गोदाम भी पकड़े जा रहे हैं। शराब के धंधे से जुड़े लोगों के साथ-साथ राज्य के बाहर के भी बड़े शराब कारोबारियों, जो यहां शराब की सप्लाई करते हैं उन्हें भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
  बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुये कहा कि शराब के धंधे में लिप्त कोई भी व्यक्ति बच नहीं पाए। जो भी शराब माफिया कार्रवाई के बाद जेल जाते हैं, जेल से बाहर आने के बाद उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाए। सीएम ने साफ शब्दों मे कहा कि शराब पीना बुरी चीज है और इस बारे में लोगों को जागरूक किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 2018 में रिपोर्ट प्रकाशित हुई थी, जिसमें विश्व भर में शराब पीने से होने वाले नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई थी, इसमें बताया गया था कि शराब पीने के कारण दुर्घटनाएं, आत्महत्याएं एवं कई दूसरे प्रकार की बीमारियां होती हैं। सीएम ने कहा कि शराब माफियाओं की गिरफ्तारी एवं उन पर की जा रही कार्रवाई के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जाए। उन्होंने निर्देश देते हुये कहा कि नीचे से लेकर ऊपर तक के सभी पदाधिकारियों को तत्पर रहकर काम करने की जरुरत है।

Leave a Reply