शराब के लिए पैसे देने के बजाय मां ने लगाई डांट, बेटे ने चाकू से गला रेत कर दी हत्‍या

भोपाल. राजधानी भोपाल में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. जिस मां (Mother) ने बेटे की भलाई के लिए उसे डांटा, उसी कलयुगी बेटे (Son) ने उनकी गला रेतकर कर हत्या (Murder) कर दी. दरअसल, मां ने सिर्फ शराब पीने से उसे रोका और पैसे देने से इनकार किया था. मां ने उसको उसके भविष्य को लेकर आगाह भी किया और समझाया भी. ऐसे में मां की प्यार भरी डांट का जवाब आरोपी बेटे ने चाकू से दिया. हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. ये मामला पुराने भोपाल के हनुमानगंज थाना (Hanumanganj Police Station) इलाके का है. यहां के इब्राहिमगंज में रहने वाली बुजुर्ग महिला की घर के अंदर गला रेत कर हत्या की गई. मृतका का नाम भागवती शाक्या है. उनकी उम्र 75 साल थी. मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ठाकुर को मृतका के बड़े बेटे भगवानदास शाक्या ने बताया, 'मैं अपने घर के नीचे बनी किराना दुकान में बैठा था. तभी मेरी भाभी ने आकर बताया कि गोपाल मां के कमरे की तरफ से बाहर भागा है. गोपाल के हाथ मे खून लगा था. जब मैं कमरे में गया तो कमरे की लाइट बंद थी. मां के ऊपर कंबल ढका हुआ था. कंबल हटाया तो मां खून में लथपथ पड़ी थी. उनके गले पर धारदार हथियार के निशान थे.' भगवानदास ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई गोपाल शराब पीने का आदि है और वह मां से शराब पीने के पैसे मांगता था. इसी बात को लेकर उसका अक्सर मां से झगड़ा होता था.

आरोपी गोपाल का कबूलनामा
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा कर रखा था. जैसे ही आरोपी गोपाल अपने घर के आस-पास आया वैसे ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने पुलिस को बताया कि मां के द्वारा शराब पीने के लिए पैसे देने से मना करने और इस बात को लेकर डांटने की वजह से चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी.

Leave a Reply