शहर में धूल भरी आंधी का तांडव, बिजली का खम्बा गिरा

जबलपुर। जबलपुर में शनिवार शाम ४ बजे के आस-पास चली तेज आंधी और हल्की बूंदाबांदी ने अचानक मौसम के तवर बदल दिये, खास बात यह है कि यह हवा और तेज आंधी सिर्फ शहरी क्षेत्र में थी। शनिवार को सुबह तेज धूप निकली और दोपहर बाद बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। शाम के वक्त अचानक तेज आंधी चलने लगी इस दौरान कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूट कर गिरीं और झाड़-पेड़ उखड़ गये, होर्डिंग्स फट गये। एमएलबी स्कूल के पास लगे एक स्ट्रीट लाईट का खम्बा गिर गया जिससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था ध्वस्त हो गई। गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी के तहत् हाल ही में इस क्षेत्र में नये विद्युत पोल खड़े करके एलईडी लाईट लगाई गई थी, इससे कार्य की गुणवत्ता पर भी प्रश्न लग गया। शहर के प्रमुख स्थानों मालवीय चौक, सिविक सेंटर, नगर निगम चौराहा, दमोहनाका के आसपास लगे होर्डिंग्स फट गये और कुछ के स्ट्रेक्चर हवा में पतंग की तरह उड़कर गिरे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोप की वजह से अगले २४ घण्टों के दौरान बादल छा सकते हैं और छुटपुट वर्षा हो सकती है।
स्मार्ट सिटी के काम की गुणवत्ता उजागर ……….
शनिवार की शाम चली तेज आंधी के बीच एमएलबी कन्या शाला के पास लगे एक विद्युत पोल गिर गया। जिससे कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था ध्वस्त हो गई। हाल ही में स्मार्ट सिटी योजना के तहत् इस क्षेत्र में नये विद्युत पोल लगाये गये थे इससे कार्य की गुणवत्ता की कलई खुल गई। इसी तरह नेपियर टाउन में कार्तिक होटल के पास एक ट्रांसफार्मर में शॉट सर्किट हुआ और आग लग गई। इस क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था अस्त-व्यस्त रही।
विद्युत व्यवस्था छिन्न-भिन्न ……..
तनिक सी हवा और बूंदाबांदी में विद्युत विभाग की कलई खुल गई। पिछले तीन दिनों से नगर प्रवास पर आये अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आईपीसी केशरी यहां विद्युत कम्पनियों के कार्यों की समीक्षा करते हुये ये निर्देश दे रहे थे कि गुणवत्ता पूर्ण विद्युत अपूर्ति की जाये और ट्रिपिंग कम से कम हो इस बात का पूरा इंतजाम किया जाये। लेकिन हालात इसके उलट हैं अभी गर्मीयों के दिनों में जब विद्युत की खपत तेज होती है तब ट्रांसफार्मरों का उड़ना और शॉट सर्किट होना शुरू हो गया। शनिवार को शहर की विद्युत व्यवस्था छिन्न-भिन्न दिखी, कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही तो कई स्थानों बिजली आती-जाती रही।
बूंदाबांदी की संभावना …………
बादलों की आवाजाही के बीच धूल भरी आंधी और छुटपुट बांदाबांदी हो सकती है ऐसा पूर्वानुमान मौसम वैज्ञानिकों ने व्यक्त किया है। जम्मू-कश्मीर से आये पश्चिमी विक्षोप के कारण मौसम में बदलाव आया है सुबह से खासी गर्मी रही और पारा ४० डिग्री के आसपास बना रहा। बादल छाने से उमस भी बढ़ी। दोपहर बाद मौसम एकदम बदला और बादल छाये रहे। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोप की वजह से परिस्थितियां बदलीं हैं। पिछले २४ घंटों के दौरान संभाग के कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी के बीच छुटपुट वर्षा हो सकती है। पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान ४०.१ डिग्री सेल्सियस सामान्य से २ डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान २५.७ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ५ डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल २५ प्रतिशत, सायंकाल १६ प्रतिशत दर्ज की गई। सूर्योदय सुबह ५.५७ बजे और सूर्यास्त शाम ६.२८ बजे हुआ। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान ४०.१ डिग्री और न्यूनतम तापमान २२.६ डिग्री दर्ज किया गया था। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान ४२ डिग्री खजुराहो में दर्ज किया गया। अगले २४ घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बूूंंदाबांदी और आंधी चल सकती है।
