शातिर दंपत्ति ने रिश्तेदार के साथ मिलकर डॉक्टर को लगाया 22 लाख का चूना

भोपाल। राजधानी के टीटी नगर इलाके में शातिर दंपत्ति द्वारा अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर खुद की निजी कंपनी में इन्वेस्ट कराने का झांसा देते हुए डॉक्टर के साथ 22 लाख रुपए की धोखाधड़ी किए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ चार सौ बीसी का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। थाना पुलिस के मुताबिक 39 वर्षीय एजाज अहमद पुत्र सलीम अहमद ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि वह पेशे से डॉक्टर हैं, और मूल रूप से गवालियर के रहने वाले हैं, फिलहाल वह सऊदी अरब में हैं। अपनी शिकायत में डॉक्टर ने आगे बताया कि साल 2017 में उनकी मुलाकात जाकिर खान उसकी पत्नी सना खान और उनके एक रिश्तेदार नसीम खान से हुई थी। तीनों ने प्लेटिनम प्लाजा में रिएक्टिव आउटसोर्सिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी खोली थी। वही डॉक्टर भोपाल में किसी व्यवसाय में अपनी रकम इन्वेस्ट करना चाहते थे। बातचीत के दौरान तीनों आरोपियों ने उन्हें अपनी रकम उनकी कंपनी में इन्वेस्ट करने का ऑफर दिया और मुनाफा देने की भी बात कही। आरोपियों की बातों में आकर एजाज अहमद ने 1 जनवरी 2018 को एग्रीमेंट कर 22 लाख की रकम उन्हे दे दी थी। आरोप है, कि दो साल तक तीनों आरोपियों ने डॉक्टर को मुनाफा नहीं दिया और ना ही उनकी रकम वापस लौटाई। आखिरकार परेशान होकर फरियादी ने इसकी लिखित शिकायत थाना पुलिस से की थी। शिकायती आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
