शादी की रजत जयंती पर हेड़ा दम्पत्ति द्वारा गौशाला संचालकों को 71 हजार की श्रद्धानिधि

इन्दौर । माहेश्वरी समाज के दम्पत्ति एवं समाजसेवी चंद्रप्रकाश-विनिता हेड़ा ने एक अभिनव संकल्प के तहत अपने विवाह की रजत जयंती वर्षगांठ को अनूठे ढंग से मनाया। हेड़ा दम्पत्ति ने ग्रामीण अंचल की 4 एवं शहर की सबसे प्राचीन केशरबाग रोड स्थित अहिल्या माता गौशाला को गौवंश के पालन में सहयोग हेतु 71 हजार रू. की श्रद्धा निधि भेंट की है।
मां पराम्बा भक्त मंडल एवं गौसेवा भारती के पूर्व मंत्री योगेश होलानी ने बताया कि हेड़ा दम्पत्ति ने विजय नगर क्षेत्र की एक होटल में आयोजित समारोह में अ.भा. माहेश्वरी महिला महासभा की पूर्व अध्यक्ष सुशीला काबरा एवं गीता मूंदड़ा के आतिथ्य तथा सांसद शंकर लालवानी के विशेष आतिथ्य में अहिल्या माता गौशाला को 51 हजार, देपालपुर क्षेत्र की सिकंदरी गौशाला समिति के अध्यक्ष रामकिशन यादव, खजूरिया गौशाला के भारत सिंह यादव, देवड़ाखेड़ी गौशाला के रतनसिंह सोलंकी तथा गंगाजलखेड़ी गौशाला के पं. योगेश उपाध्याय, प्रत्येक को 5-5 हजार रू. की राशि श्रद्धानिधि के रूप में गौवंश के पालन हेतु भेंट की। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के विभिन्न संगठनों की ओर से किशन मूंदड़ा, संजय चांडक, वासुदेव मालू, लक्ष्मण मूंदड़ा, राजेश मूंगड़ सहित अनेक प्रतिष्ठितजनों ने हेड़ा दम्पत्ति के इस संकल्प की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि समाज के अन्य बंधु भी मांगलिक प्रसंगों पर इसी तरह गौवंश एवं अन्य जरूरतमंदों को सहायता देने का सिलसिला जारी रखेंगे। संचालन योगेश होलानी ने किया और आभार माना हेड़ा दम्पत्ति ने। 

Leave a Reply