शिवराज कैबिनेट का विस्तार आज

  • मंत्रिमंडल में 25 नए मंत्री होंगे शामिल
  • प्रभारी राज्यपाल नए मंत्रियों को दिलाएंगी शपथ

भोपाल । मप्र में शिवराज की मिनी कैबिनेट बनने के 71 दिन बाद गुरुवार को मंत्रिमंडल का पहला विस्तार सुबह 11 बजे होने जा रहा है। इस बार मंत्रिमंडल का चेहरा काफी कुछ बदला रहेगा। सूत्रों के अनुसार, जहां करीब एक दर्जन पूर्व मंत्रियों को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने वाली है, वहीं करीब एक दर्जन नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं। उधर, प्रभारी राज्यपाल आनंदीबेन ने बुधवार को शपथ ग्रहण किया। वे गुरूवार को राजभवन में मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगी।सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल का विस्तार केंद्रीय संगठन के फॉर्मूले पर होगा। प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे बुधवार दोपहर में मंत्रिमंडल गठन का एक नया फॉर्मूला लेकर भोपाल पहुंचे। इस फॉर्मूले के तहत मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल करने के साथ वरिष्ठ विधायकों को भी एडजस्ट किया जाएगा। सहस्त्रबुद्धे ने वरिष्ठ विधायकों को वन-टू-वन चर्चा करने के लिए पार्टी कार्यालय भी बुलाया। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, दूसरे विस्तार में लगभग 25 मंत्री शपथ ले सकते हैं। फिलहाल कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित छह मंत्री हैं। मप्र में कुल 35 मंत्रियों को कैबिनेट में रखा जा सकता है।

12 नए चेहरों को मिल सकता है मौका
जिन विधायकों को मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार में शपथ दिलाई जानी है, उनमें पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह और  हरीशंकर खटीक का नाम तय है। इनके अलावा मंत्रिमंडल विस्तार में करीब 12 नए चेहरों को शपथ दिलाई जा सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक गिरीश गौतम, रामखिलावन पटेल, चेतन्य काश्यप, मोहन यादव, विष्णु खत्री, रामकिशोर कांवरे, उषा ठाकुर, प्रेमसिंह पटेल, अरविंद भदौरिया,अशोक रोहाणी और नंदिनी मरावी आदि को लेकर कई दौर की बातचीत हुई है। रामेश्वर शर्मा भी दौड़ में बने हुए हैं।

सिंधिया कोटे से नौ मंत्री
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कोटे से जिन लोगों के नाम अंतिम चरण में पहुंचे हैं, उनमें इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रभूराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसौदिया, बिसाहूलाल सिंह, एदल सिंह कंषाना, राजवद्र्घन सिंह दत्तीगांव, ओपीएस भदौरिया के साथ रणवीर जाटव का नाम शामिल है।

11 पूर्व मंत्रियों पर सकंट के बादल
पार्टी के नए फार्मूले के तहत शिवराज सिंह चौहान की पिछली सरकार में मंत्री रहे रामपाल सिंह, संजय पाठक, राजेंद्र शुक्ल, विजय शाह, गौरीशंकर बिसेन, पारस जैन, अजय विश्नोई, यशोधरा राजे सिंधिया, सुरेंद्र पटवा, जालम सिंह पटेल और विश्वास सारंग को इस बार मंत्री नहीं बनाया जा रहा है। जिन विधायकों को मंत्री नहीं बनाया जा रहा है उनसे प्रदेश के प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने भाजपा कार्यालय में बुलाकर चर्चा की है।

उप मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष पर पेंच फंसा
भाजपा सूत्रों का कहना है कि विधानसभा अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री पद का मुद्दा भी नहीं सुलझा है। शिवराज सिंह पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव को विधानसभा अध्यक्ष बनवाना चाहते हैं, लेकिन सहमति नहीं बन पा रही है। अगर भार्गव को मंत्री बनाया गया तो सीतासरन शर्मा को दोबारा विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

दो उप मुख्यमंत्रियों पर भी असमंजस
दो उप-मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर भी अब तक सत्ता और संगठन के बीच तालमेल नहीं बैठ पाया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि हाईकमान ने सिंधिया खेमे से कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट और गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को उप मुख्यमंत्री बनाने का विकल्प प्रदेश नेतृत्व को दिया है, मगर इस पर भी सहमति नहीं बन पाई।

संगठन और सहकारी बैंकों में एडजेस्ट होंगे वरिष्ठ
मंत्रिमंडल में शामिल होने से जो वरिष्ठ विधायक वंचित रह जाएंगे, उन्हें संगठन, निगम-मंडल और सहकारी बैंकों में एडजस्ट किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भोपाल में 4 लोगों को वरिष्ठों को मनानम का जिम्मा सौंप दिया है। इनमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत और संघ के क्षेत्र प्रचारक दीपक बिस्पुते के नाम बताए जा रहे हैं। दरअसल संघ और संगठन ने तय कर लिया है कि शिवराज मंत्रिमंडल में नए चेहरों को स्थान दिया जाए। पुराने और अनुभवी नेताओं को संगठन और सहकारी बैंकों सहित निगम मंडलों में एडजस्ट किया जाए।

डैमेज कंट्रोल की कवायद तेज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा और सुहास भगत मंत्रिमंडल तैयार करने से पहले उन नेताओं को साधने में लग गए हैं जो मंत्री बनने की तैयारी करके बैठे हैं, लेकिन उन्हें मंत्री नहीं बनाया जा रहा है। इन नेताओं से चर्चा कर उन्हें समझाने का दौर शुरू हो गया है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया भी आएंगे
 मंत्रिमंडल के विस्तार में शामिल होने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार सुबह भोपाल आएंगे। मंत्रिमंडल विस्तार में सिंधिया के 9 समर्थकों को भी शपथ दिलाई जाना है। सिंधिया सुबह 10 बजे विशेष प्लेन से भोपाल पहुचेंगे।

Leave a Reply