शिवराज-वीडी ने एकांतवास में किया मंथन

भोपाल  । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर लौटे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को प्रदेश भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ एकांतवास में 9 घंटे मंथन किया। उनके साथ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन मंत्री हितानंद भी थे। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान निगम-मंडलों में नियुक्तियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। अब संभावना जताई जा रही है कि निगम-मंडलों में जल्द ही नियुक्तियां  हो जाएंगी। साथ ही प्रदेश भाजपा संगठन मेंं खाली पदों के भरने पर भी विचार किया गया।
भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर अंतिम चरण का मंथन करने रविवार को शहर से दूर कोलार डैम रेस्ट हाउस पहुंचे। इस बैठक के दौरान जिलों के संगठन मंत्रियों को नई जिम्मेदारी देने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा प्रवक्ताओं और पैनलिस्ट के नाम भी फाइनल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
नियुक्तियों को लेकर बढ़ता जा रहा है दबाव
निगम-मंडलों सहित अन्य राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सत्ता और संगठन पर दबाव बढ़ता जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने 23 जुलाई को भाजपा दफ्तर पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश से मुलाकात की थी। करीब आधे घंटे चली बैठक में निगम-मंडलों में नियुक्तियों के साथ 3 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बात हुई थी। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी शिवप्रकाश से मिले थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 21 जुलाई को देर शाम सीएम हाउस में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत के साथ बैठक की थी। सूत्रों की मानें तो बैठक में उपचुनाव के साथ-साथ निगम मंडल में जल्द नियुक्तियां करने पर भी रजामंदी बनी है। माना जा रहा है कि बैठक में ओबीसी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के नेताओं की सत्ता और संगठन में सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा हुई थी। साथ ही, सिंधिया समर्थक नेताओं को निगम मंडल और आयोगों में फिट करने पर भी चर्चा हो चुकी है।
किसको मिलेगी जगह
दरअसल पिछले कई दिनों से भाजपा और सिंधिया समर्थक नेता निगम-मंडलों में नियुक्ति की बाट जोह रहे है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक 4 नेताओं को निगम-मंडल में जगह दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने सहमति दे दी है। माना जा रहा है- इमरती देवी, ऐदल सिंह कंषाना, मुन्नालाल गोयल व गिर्राज दंडोतिया का पुनर्वास हो जाएगा। उन्हें निगम-मंडल में अध्यक्ष बनाया जा सकता है। बता दें कि पिछले भोपाल प्रवास के दौरान सिंधिया की शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ हुई बैठक में इन चार नामों को लेकर चर्चा हुई थी। इनके अलावा सिंधिया के समर्थक रणवीर जाटव, पंकज चतुर्वेदी, रक्षा संतराम सिरोलिया और जसपाल सिंह जज्जी को राजनीतिक पद मिल सकता है।
संगठन मंत्रियों को किया जाएगा एडजस्ट
निगम-मंडलों में नियुक्तियों के अलावा जिलों के संगठन मंत्रियों को प्रदेश कार्यकारिणी में एडजस्ट करने की तैयारी है। ऐसे भी संकेत मिले हैं कि आरएसएस से भाजपा में आए इन नेताओं को प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है। बता दें कि ऐसा पहली बार हुआ है जब बीजेपी ने जिलों में तैनात संगठन मंत्रियों को हटाया है। नई व्यवस्था के तहत संभागीय मुख्यालयों में संगठन मंत्री रहेंगे।

Leave a Reply