शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद 

मुंबई । मुम्बई शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ है। दिग्गज कंपनियों इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और टीसीएस जैसी कंपनियों के शेयरों में गिरावट से बाजार नीचे आया है। दिन में कारोबार के दौरान 500 अंक के करीब बढ़त हासिल करने वाले बीएसई सेंसेक्स ने कारोबार समाप्त होने पर बढ़त को खो दिया और अंत में यह पहले दिन के मुकाबले 585.10 अंक करीब 1.17 फीसदी  नीचे आकर 49,216.52 अंक पर बंद हुआ। वहीं इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचकांक भी 163.45 अंक तकरीबन 1.11 फीसदी  गिरकर 14,557.85 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एचसीएल टेक में सबसे ज्यादा गिरावट आई। इसका शेयर मूल्य चार फीसदी  के करीब गिर गया। वहीं इसके बाद इन्फोसिस, डा. रेड्डीज लैब, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिन्द्रा और एनटीपीसी में भी गिरावट आई। इसके विपरीत आईटीसी, बजाज आटो, महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा, मारुति और भारती एयरटेल के शेयर ऊपर आये हैं। जानकारों के अनुसार सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते बाजार में शुरुआत मजबूती के साथ हुई लेकिन देश के भीतर कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि तेज होने से निवेशकों का उत्साह जाता रहा और बाजार लगातार पांचवें दिन गिरावट में रहा। कोविउ- 19 के दैनिक संक्रमण के मामलों से उद्योग धंधों के कामकाज में जो सुधार का रुख आ रहा था उसको लेकर शंका बढ़ने लगी है। इससे नये आर्थिक प्रतिबंधों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

Leave a Reply