श्रीलंका की सेमीफाइनल की राह हुई कठिन

मेनचेस्टर । दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम मैच में हार के साथ ही श्रीलंका की विश्वकप क्रिकेट के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को करारा झटका लगा है। उसके अभी सात मैचों में दो जीत तीन हार और दो रद्द मैचों के बाद छह अंक हैं। उसे अभी दो मैच और खेलने हैं। इन दो मैचों में अगर उसे जीत मिलती है तो उसके 10 अंक होंगे पर उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान, बांग्लादेश और इंग्लैंड के मैचों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा।
वहीं दक्षिण अफ्रीका के 8 मैचों में 2 जीत और 5 हार के बाद पांच अंक हैं और वह 8वें स्थान पर ही है। इससे पहले, टॉस जीतकर गेंदबाजी करने वाली दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 203 रनों पर ही समेट दिया।
मॉरिस ने 9.3 ओवरों में 46 रन खर्च किए। कागिसो रबाडा ने 10 ओवरों में दो मेडेन के साथ 36 रन देकर दो सफलताएं अर्जित कीं। जेपी डुमिनी ने एक विकेट लिया। श्रीलंका के विकेटों के गिरने की शुरुआत रबाडा ने की। इस गेंदबाज ने पहली ही गेंद पर श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने को बोल्ड कर दिया। कुशल परेरा और अविश्क फर्नांडो ने 30-30 रन बनाए और दूसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की पर जैसे ही यह साझेदारी टूटी श्रीलंका फिर खड़ी नहीं हो पाई।
