संयुक्त राष्ट्र में पाक ने फिर छेड़ा कश्मीर राग

संयुक्त राष्ट्र। पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में एक बार फिर कश्मीर राग अलापा। पाकिस्तानी दूत ने भारत पर कश्मीर घाटी में आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर में अकेला आतंकवाद भारत सरकार का फैलाया आतंकवाद ही है।

भारत ने पाकिस्तान के इस झूठ का करारा जवाब देते हुए कहा कि पड़ोसी देश का ऐसा कहना 'जंगल में अकेली आवाज' होने जैसा है। संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारत ने नियंत्रण रेखा के पार सर्जिकल स्ट्राइक करने की अफवाह फैलाई है। इस दावे के साथ भारत बार-बार सीमा पार से सर्जिकल स्ट्राइक करने की धमकी दे रहा है। इससे संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का उल्लंघन होता है। लोधी ने आरोप लगाया कि संयुक्त राष्ट्र में प्रतिनिधित्व कर रहा अंतर्राष्ट्रीय समुदाय भारत को आतंकवाद खत्म करने के नाम पर कश्मीर में मानवता के खिलाफ अपराध नहीं करने दे सकता है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी अभियान की प्रथम सचिव एनम गंभीर ने कहा कि हमने जंगल में ऐसी अकेली आवाज सुनी है जिसमें स्वर मिलाने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ऐसे विषय पर ध्यान दे रहा है जिसको दशकों से नहीं छुआ गया है। वह कश्मीर मुद्दे को बार-बार छेड़ते रहना चाहता है जबकि दुनिया इस विषय को बहुत पहले ही पीछे छोड़ चुकी है।

Leave a Reply