सड़कों पर चलने वाले ‘जुगाड़’ वाहनों की तर्ज पर ही चल रही है गहलोत सरकार: पूनिया

दौसा. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया (Satish Poonia) आज दौसा (Dausa) पहुंचे, यहां गणेश मंदिर के दर्शन करने के बाद बीजेपी (BJP) के कार्यकर्ता ने उनका भव्य स्वागत (Welcome) किया. सतीश पूनिया ने इस दौरान कांग्रेस (Congress) पर जमकर प्रहार किया. सतीश पूनिया ने कहा कि गहलोत सरकार (Gehlot goverment) में विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो चुका है. साथ ही साथ कानून व्यवस्था (Law and order) भी चौपट हो चुकी है. प्रदेश में बीएसपी के छह विधायक कांग्रेस में विलय होने पर भी सतीश पूनिया ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस तरह दौसा के लालसोट में जुगाड़ नामक वाहन चलता है, उसी तरह गहलोत सरकार चल रही है.
प्रदेश में बीएसपी को प्रयोगशाला बना दिया- सतीश पूनिया
सतीश पूनिया ने कहा कि जिस तरह बीएसपी के 6 विधायकों कांग्रेस में शामिल हुए. उससे ये लगता है कि विधायकों ने बीएसपी का प्रयोगशाला के तौर पर इस्तेमाल किया है. उन्होंने कहा कि बीएसपी के विधायकों ने पद व सत्ता के लालच के लिए कांग्रेस से तिगड़म बिठाकर यह कार्य किया है. सतीश पूनिया ने कहा कि इन विधायकों ने बीएसपी को प्रयोगशाला समझा, जो बीएसपी से जीतकर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं.
निकाय चुनाव में जीतेगी बीजेपी- सतीश पूनिया
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस ने बीजेपी के खिलाफ तीसरे मोर्चे की कल्पना की थी, लेकिन जिस तरह कांग्रेस में ध्रुवीकरण हो रहा है, उससे कांग्रेस की यह कल्पना भी कमजोर हो गई है. उन्होंने आगामी निकाय चुनाव (Local Body Election) पर बोलते हुए कहा कि बीजेपी का कार्यकर्ता प्रदेश में सक्रिय है. आगामी निकाय चुनाव में बीजेपी की प्रदेश में जबरदस्त तरीके से वापसी होगी.
 

Leave a Reply