सड़क हादसे में बाल-बाल बचे आरजेडी विधायक, ट्रक ने मारी टक्कर

हाजीपुर । बिहार के पटना से समस्तीपुर जा रहे आरजेडी विधायक की कार में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में राजद विधायक की जान बाल-बाल बच गई। बताया गया कि महात्मा गांधी सेतु पर मोरवा के राजद विधायक रणविजय साहू के वाहन में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान विधायक की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, विधायक रणविजय साहू समेत कार सवार सभी सही सलामत हैं। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है। मोरवा के राजद विधायक रणवीर साहू ने बताया कि वो पटना से समस्तीपुर किसान गोष्ठी में जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान गांधी सेतु पर ट्रक ने टक्कर मार दी जिसमें वह बाल-बाल बच गए। गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है लेकिन उनको हल्की चोट आई है। विधायक रणविजय साहू ने बताया कि उन्हें इस हादसे में हल्की चोटें आई हैं। बाद में राजद विधायक रणवीर साहू किसी अन्य गाड़ी पर सवार होकर समस्तीपुर की ओर रवाना हो गए। फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
