सरकारी संस्थानों पर लाखों का टैक्स बकाया

भोपाल । राजधानी के सरकारी संस्थानों पर नगर निगम का लाखों रुपए संपत्तिकर के रुप में बकाया है। नगर निगम ने इस की वसूली के प्रयास तेज कर दिए है। नगर निगम ने भोपाल के 13 बड़े बकायदारों को नोटिस जारी कर दिया है। एमएलए रेस्ट हाउस पर जहां 29 लाख रुपए से अधिक का संपत्ति कर बकाया है, वहीं एमएलवी कॉलेज को संपत्ति कर के 15 लाख रुपए चुकाना है। यही नहीं, राजधानी परियोजना के सतपुड़ा और विध्यांचल स्थित भवन पर भी साढ़े 13-13 लाख से अधिक का संपत्ति कर बकाया है, जो जमा नहीं किया जा रहा है। नगर निगम ने इस बार वसूली करने की तैयारी कर ली है, जिसके लिए इन संस्थानों को वसूली नोटिस दिए गए हैं।गौरतलब है कि चालू वित्त वर्ष (2020-21) के खत्म होने में अब दो माह से भी कम वक्त शेष है। ऐसे में नगर निगम ने राजस्व संग्रह लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपना वसूली अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को भोपाल में नगर निगम के अमले ने सात जोन क्षेत्रों में एक दर्जन बड़े बकायादारों के खिलाफ संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की थी। सरकारी संस्थान में एमएलएस रेस्ट हाउस पर 29,01,546 रुपये संपत्ति कर बकाया है, वहीं राजधानी परियोजना प्रशासन, सतपुडा भवन पर 13,68,949 रुपये बकाया है। इसी तरह राजधानी परियोजना प्रशासन, विध्यांचल भवन पर 13,67,269 रुपये, केंद्रीय जेल, भोपाल पर 11,17,290 रुपये, विंध्य कोठी पर 5,38,240 रुपये, सचिव संपदा, नई विधानसभा पर 10,97,530 रुपये, बीएसएनएल, अरेरा कॉलोनी पर 4,86,468 रुपये, एमएलवी कॉलेज पर 15,02,777 रुपये, न्यू एंट्रीगेट बिल्डिंग, पुलिस मुख्यालय पर 4,45,224 रुपये, परियोजना यंत्री, पुलिस आवास पर 2,95,223 रुपये, सातवीं बटालियन पीएचक्यू पर 1,48,289 रुपये, डीजीपी, ओल्ड पीएचक्यू पर 1,42,427 रुपये एवं उप पुलिस महानिरीक्षक, जेल रोड पर 1,32,490 रुपये संपत्ति कर बकाया है।
