सरदारशहर मामले ने पकड़ा तूल, कई संगठनों ने की CBI जांच की मांग

जयपुर: चूरू के सरदारशहर में पुलिस की हिरासत में चोरी के आरोपी युवक नेमीचंद की हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. आरोपी युवक की मौत के बाद अब पुलिस पर उसकी भाभी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे हैं. मामले को लेकर शनिवार को विभिन्न संगठनों ने जयपुर शहर के पिंकसिटी प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर सीबीआई से जांच कराने की मांग की. 

इस दौरान संघर्ष समिति के अध्यक्ष धर्मपाल कटारिया ने कहा कि सरदारशहर में पुलिस की हिरासत में नेमीचंद की पिटाई से मौत हुई है. जिसके बाद पुलिस ने दबाव ड़ालकर परिजनों से खाली दस्तावेजों व स्टांप पर अंगूठा लगवाया. वहीं पुलिसकर्मियों ने मृतक की भाभी से साथ दुष्कर्म कर मारपीट की. 

उन्होंने कहा कि राजनेता व उनके रिश्तेदारों के इशारों पर पुलिस ने बिना मुकदमे के नेमीचंद को हिरासत में रखा और उसकी हत्या कर दी. इस घटना के विरोध में संघर्ष समिति की ओर से मामले की सीबीआई से जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर कड़ी सजा दिलाने के साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की मांग की है. इस दौरान उन्होंने जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेश में आंदोलन करने की चेतावनी दी है.
 

Leave a Reply