सरदारशहर में काली-पीली आंधी से पटा आसमान, कई जगह तेज हवाओं के साथ आई बारिश

जयपुर राजस्थान में दोपहर बाद मौसम पलटा व अजमेर के किशनगढ़, कोटा के इटावा व शेखावाटी के कुछ इलाकों में हल्की बरसात हुई। चूरू के सरदारशहर में काली-पीली आंधी से लोग दहाश्त में आ गए। आंधी से पूरा शहर पट गया और दिन में ही रात हो गई। आंधी से कच्चे घरों की छत, कुछ पेड़-पैधे उखड़ गए। आंधी शाम को 4.30 बजे आई व करीब एक घंटा छाई रही। इसके बाद भी यहां तेज हवा चलती रही। आंधी के बाद बूंदाबांदी भी हुई। लोगों ने बताया कि ऐसी आंधी करीब 20 साल बाद आई है।
दिन का तापमान स्थिर बना हुआ है वहीं रात के तापमान में एक सात डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है। बीती रात चित्तौडग़ढ़ में तापमान करीब पांच डिग्री उछलकर 25.3 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं कोटा में तापमान करीब सात डिग्री उछलकर 29.1 डिग्री रहा। बीती रात सबसे अधिक तापमान कोटा में रहा। जयपुर में बीती रात तापमान में एक डिग्री से भी कम की बढ़ोतरी हुई।
पूर्वी राजस्थान में चलेगी लू
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों में दूर-दराज के इलाकों में बिजली चमकने के साथ हल्की बरसात हो सकती है। कहीं-कहीं धूल भरी आंधी भी आ सकती है। जयपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे व लू चलेगी। विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडग़ढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक में लू चलेगी।
पश्चमी राजस्थान में लू के साथ आंधी की चेतावनी
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर जोधपुर में भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है तो जालोर, नागौर, पाली व श्रीगंगानगर में लू के साथ आंधी व बिजली गरजने की चेतावनी जारी की गई है।
