सरयू में स्नान करते एक ही परिवार के दर्जन भर डूबे छह बचाए गए

अयोध्या,। धर्मनगरी अयोध्या के भ्रमण पर आए आगरा के एक परिवार के दर्जन भर लोग सरयू में स्नान के दौरान डूब गए। पुलिस व पीएसी के गोताखारों की सहायता से एक घंटे में छह लोगों को बचा लिया गया जबकि आधा दर्जन अब भी लापता हैं। वहीं निकाले गए श्रद्वालुओं में तीन की हालत चिंताजनक बनी हुयी है। वहीं घटना का त्वरित संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया है।
हादसा गुप्तारघाट पर हुआ। पीड़ित परिजन आगरा के सिकंदरा के रहने वाले हैं। सरयू में डूबे लोगों को बचाने के लिए अधिकारियों की टीम बचाव कार्य में लगी है। जानकारी के मुताबिक, स्नान के दौरान तेज धारा के कारण पहले दो लोग बहे। इसके बाद एक दूसरे को बचाने के चक्कर में 12 लोग बह गए। लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस प्रशासन को मामले की जानकारी दी।
घटना की सूचना पर प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि मौके पर मौजूद पीएसी के गोताखोरों ने कार्रवाई शुरू की और आधा दर्जन लोगों का जीवन बचा लिया। वहीं बाकी आधा दर्जन का अबतक पता नहीं चल सका है। उनकी तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के 15 लोग स्नान कर रहे थे। इनमें तीन ने अपनी जान तैरकर बचा ली। पानी से निकाले गए जिन छह लोगों को निकाला गया है उनमें तीन की हालत बेहद गंभीर है। सभी को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया है।
