सर्कस में शेर ने ट्रेनर पर किया हमला, शेर का शिकार बनने से बाल-बाल बचा

यूक्रेन। वैसे तो सर्कस में मनोरंजन के लिए जाते हैं लेकिन यहां सर्कस में ऐसा हादसा हुआ जो कि दिल दहला देने वाला है। बता दे कि घटना लुगांस्क स्टेट सर्कस में हुई जिसमें एक शेर ने अपने ट्रेनर पर ही हमला कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना उस वक्त की है, जब प्रसिद्ध सर्कस ट्रेनर हमादा रिंग में थे। हादसे का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें साफ नजर आ रहा है कि किस तरह से शेर ने ट्रेनर पर हमला किया, उसे नोचा और जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान सर्कस का म्यूजिक भी बंद हो गया और वहां मौजूद लोग शेर और ट्रेनर के बीच हो रही इस लड़ाई के दौरान दहशत में थे। हालांकि हमादा खुद को बचाने में सफल रहे। रिंग में 4 शेर थे, लेकिन सिर्फ एक ने ही हमादा पर हमला किया हमले से पहले हमादा शेर को एक डंडे से दूर करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह अचानक से उन पर झपटा और उन्हें जमीन पर गिरा दिया। रिंग में ट्रेनर हमादा पर हमले के बाद वहां मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई। लोग अपनी सीट से उठकर भागने लगे। इतना ही नहीं रिंग के बाहर मौजूद ट्रेनर के सहयोगी भी परेशान हो गए। इस पूरे हादसे पर हमादा ने कहा कि 'शेर ने मुझ पर छलांग लगाई और मुझे काटने की कोशिश। मेरी पीठ, हाथ और पैर को चोट पहुंची है।'
