सर्किट हाउस के रसोइये की कोरोना से मौत, 15 कर्मचारी हुए थे संक्रमित

गांधीनगर | राज्य में कोरोना के बढ़ते कहर के बीच राजधानी गांधीनगर के सर्किट हाउस में रसोइये की मौत से हडकम्प मच गया है| कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रसोइये के गांधीनगर सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा था| बता दें कि गांधीनगर सर्किट हाउस के मैनेजर समेत 15 कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ गए थे| जिसमें सर्किट हाउस के रसोइये तुकाराम भी शामिल था| सरकारी नौकरी से रिटायर्ड होने के बाद तुकाराम गांधीनगर सर्किट हाउस में बतौर रसोइया सेवारत था| गुजरात में कोरोना के प्रति दिन रिकार्ड केस दर्ज हो रहे हैं| गुरुवार को राज्य में 2410 नए केस सामने आए थे और 9 मरीजों की मौत हो गई थी| राज्य में कोरोना से स्वस्थ होने का दर भी घटकर 94.35 पर पहुंच गया है|
