सर्वश्रेष्ठ टीम हर बार नहीं जीतती : भूटिया

नई दिल्ली । भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम की हार पर कहा है कि कई बार सर्वश्रेष्ठ टीमें खिताब नहीं जीत पाती। भूटिया ने कहा, 'जैसा कि विराट ने कहा था कि हम 45 मिनट खराब क्रिकेट खेले, लेकिन अगर हम अच्छा खेले तो 10 मैचों में उन्हें 10 बार हरा देंगे। अगर हम टूर्नामेंट से बाहर हो गए है तो इसका यह मतलब नहीं कि भारत खराब टीम है।' भारत ने 8 मैचों में 7 जीत के साथ ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन किया। भूटिया ने कहा कि विराट की टीम विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ टीम थी। उन्होंने आगे कहा, 'कई बार आप सर्वश्रेष्ठ होते है लेकिन सर्वश्रेष्ठ टीम हर बार जीत दर्ज नहीं करती, खेलों में यह होता है। हमें और मजबूती से वापसी करनी होगी।' भारत के लिए 107 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 42 गोल करने वाले भूटिया ने कहा कि आईसीसी को इस खेल को दूसरे देशों में भी बढ़ावा देने की वकालत की। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि आईसीसी को इस खेल का दूसरे देशों में प्रसार शुरू करना चाहिए। टूर्नमेंट में हम और अधिक टीमों को देखना चाहते है, नई टीमों को देखना चाहते है। इस क्रिकेट विश्व कप में हमने स्टेडियम में सिर्फ भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान के प्रशंसकों को देखा, हमें अधिक लोगों (अन्य देशों से) को देखने की जरूरत है, खेल को प्रसार की जरूरत है।
