सहकार उपहार दीपोत्सव मेले में उमड़ रही भीड़

जयपुर । धनतेरस के अवसर पर कॉनफैड द्वारा उपभोक्ताओं को एमएमटीसी के शुद्ध सोने एवं चांदी के सिक्के तथा बर्तन उपलब्ध कराने के लिये भवानी सिंह रोड स्थित नवजीवन सहकार उपभोक्ता केन्द्र पर विशेष व्यवस्था की है। यह जानकारी कॉनफैड के प्रशासक एवं सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार डॉ. नीरज के. पवन ने दी।
उन्होंने बताया कि दीपावली के अवसर पर कॉनफैड द्वारा भवानी सिंह मार्ग स्थित नवजीवन उपहार केन्द्र सहित वैशाली नगर एवं करधनी शॉपिंग सेंटर (मालवीय नगर) उपहारकेन्द्रों पर दीपोत्सव मेले का आयोजन 21 अक्टूबर से किया जा रहा है जो 27 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव मेले में जयपुरवासियों को शिवाकाशी के कोक ब्रांड के पटाखे 50 से 70 प्रतिशत तक कम दामों पर जयपुर वासियों को उपलब्ध कराये जा रहे हैं। मेले में अब तक जयपुरवासियों द्वारा 1 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद की जा चुकी है। डॉ. पवन ने बताया कि मेले में डिजीटल पैमेंट को बढ़ावा देने के लिये पोस मशीन इंस्टॉल की गई हैं। कॉनफैड के इस प्रयास को जयपुरवासियों द्वारा सराहा जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक ही प्लेटफॉर्म पर पटाखे, एमएसटीसी के सोने-चांदी के सिक्के, बर्तन एवं अन्य आवश्यक त्यौहारी वस्तुएं होलसेल दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
