सांप्रदायिक हिंसा से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा उत्तर प्रदेश, 26,500 छात्रों ने की आत्महत्या

नई दिल्ली। पिछले वर्ष सांप्रदायिक हिंसा से प्रभावित राज्यों में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर रहा। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज गंगाराम अहीर ने लोकसभा में बुधवार को कहा कि 2017 में देश में 822 सांप्रदायिक घटनाएं हुई। वर्ष 2016 में इस तरह की 703 और 2015 में 751 घटनाएं हुई थी। एक सवाल के जवाब में गृह राज्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 195 घटनाएं हुई। कर्नाटक में 100, राजस्थान में 91, बिहार में 85, मध्य प्रदेश में 60 घटनाएं हुई।
10 महीनों में हिरासती मौत के 1,680 मामले दर्ज
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अहीर ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने 10 महीनों में हिरासती मौतों के 1,680 मामले दर्ज किए। इसमें न्यायिक हिरासत और पुलिस हिरासत में हुई मौतों के मामले शामिल हैं।
हाई कोर्टो में केवल 73 महिलाएं न्यायाधीश
देश के विभिन्न हाई कोर्टो में 600 से ज्यादा न्यायाधीशों में महिलाओं की संख्या केवल 73 ही है। कानून राज्यमंत्री पीपी चौधरी ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि सुप्रीम कोर्ट में केवल एक ही महिला न्यायाधीश है।
एनआरआइ पतियों के खिलाफ 3,768 शिकायतें मिलीं
विदेशों से 3,768 प्रताड़ित भारतीय महिलाओं ने अपने एनआरआइ पतियों के खिलाफ शिकायतें सौंपी हैं। विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने लोकसभा में कहा कि 2014-17 के दौरान मिली ये शिकायतें दहेज और दुर्व्यवहार से संबंधित हैं।
नौ लाख वरिष्ठ नागरिकों ने रेल यात्रा में रियायत नहीं ली
जुलाई 2017 से फरवरी 2018 के बीच नौ लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों ने रेल यात्रा में मिलने वाली रियायत नहीं ली। रेल राज्यमंत्री राजन गोहाई ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि गीव अप योजना के तहत 9.08 लाख वरिष्ठ नागरिकों ने रेल किराए में रियायत नहीं ली। 8.55 लाख ऐसे यात्रियों ने 50 फीसद रियायत छोड़ दी।
जेके के सीमा क्षेत्र में निवासियों के लिए बंकर बनाएगी सरकार
पाकिस्तान की ओर से आए दिन होने वाली गोलीबारी के कारण जम्मू एवं कश्मीर के सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों होने वाली परेशानी से सरकार निजात दिलाएगी। राज्य में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों में 14,460 बंकरों का निर्माण कराया जाएगा। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज गंगाराम अहीर ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के हालिया दौरे के बाद केंद्र ने 415.73 करोड़ रुपये की लागत से 14,460 बंकरों के निर्माण को मंजूरी दी है।
2014 से 16 के बीच 26,500 छात्रों ने की आत्महत्या
एक सवाल के उत्तर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अहीर ने राज्यसभा में बताया कि वर्ष 2014 और 2016 के बीच करीब 26,500 छात्रों ने आत्महत्या की। उन्होंने कहा कि 2016 में 9,474, वर्ष 2015 में 8,934 और 2014 में 8,068 छात्रों ने अपनी जान दी।
आंध्र को 12,476 करोड़ की विशेष सहायता
आंध्र प्रदेश को विशेष सहायता के रूप में 12,476.76 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसमें 2,500 करोड़ रुपये राज्य को नई राजधानी बसाने के लिए दिया गया है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अहीर ने राज्यसभा में यह जानकारी दी।
