साबुन और शैंपू लेकर थाने पहुंचा शख्स, जेल जाने की करने लगा जिद

गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गाजियाबाद (Ghaziabad) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने जेल में जाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है. युवक का कहना है कि वह नशे (Drugs) के बिना नहीं रह सकता. उसने पुलिस ने कहा, 'मुझे बचपन में ही नशे की लत लग गई थी. मैं घर पर रहकर नशा नहीं छोड़ पा रहा हूं, ऐसे में मैं चाहता हूं कि मुझे जेल (prison) में डाल दिया जाए, ताकि वहां रहने से नशे की लत से छुटकारा मिल जाए.' युवक की यह बात सुनकर जीआरपी थाना प्रभारी चकित रह गए. युवक तकरीबन दो घंटे तक जेल जाने की जिद पर अड़ा रहा. हालांकि, बिना किसी जुर्म के पुलिस किसी को भी जेल नहीं भेज सकती है.

जानकारी के मुताबिक, युवक मूलरूप से अलीगढ़ का रहने वाला है. उसका नाम अनीस अलवी है. उसकी उम्र 22 साल है. वह अपने परिवार के साथ अर्थला शिव मंदिर के पास किराए के मकान में रहता है. परिवार में मां, बड़ा भाई और दो बहनें हैं. बड़े भाई और दोनों बहनों की शादी हो चुकी है. अनीस शुक्रवार दोपहर एक बजे जीआरपी थाने पहुंचा. वह दो जोड़ी कपड़े, साबुन, शैंपू, टूथब्रश, पेस्ट आदि सामान अपने साथ लाया था. थाने में घुसकर युवक ने खुद को जेल भेजने की जिद करनी शुरू कर दी.

जब पुलिस ने पूछा- क्या अपराध किया है?

वह थाने की हवालात खुलवाने लगा. जब सिपाही ने पूछा कि तुमने क्या अपराध किया है? इस अनीस ने जवाब दिया कि वह नशा छोड़ने के लिए कुछ दिन के लिए जेल में बंद रहना चाहता है. उसने बताया कि वह 12 साल से नशा कर रहा है. इस पर सिपाही ने उसे भगा दिया, लेकिन वह दोबारा से आकर जेल जाने की जिद करने लगा. सिपाही युवक को एसआई घनश्याम सिंह के पास लेकर पहुंचा.
 

Leave a Reply