सिग्नेचर ब्रिज से दिल्ली दिखाने की , परियोजना को रद्द कर सकती है ‘आप’ सरकार

दिल्ली | सरकार सिग्नेचर ब्रिज की 154 मीटर ऊंचाई से शहर का विहंगम दृश्य दिखाने संबंधी अपनी परियोजना को रद्द करने की योजना बना रही है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।सूत्रों ने बताया कि पर्यटन विभाग ने 'लिफ्ट' के संचालन के लिए संबंधित एजेंसी से अनुमति मांगी थी ताकि लोगों को सिग्नेचर ब्रिज के दो बड़े खंभों में लिफ्ट से पुल की ऊंचाई तक पहुंचाया जा सके, लेकिन विभाग मंजूरी प्राप्त करने में विफल रहा है।
ब्रिज के तोरण में चार लिफ्ट लगाई गई हैं। दो लिफ्ट 60 डिग्री के एंगल पर और दो 80 डिग्री के एंगल पर झुकी हुई हैं। सूत्रों ने कहा कि लोगों को इतनी ऊंचाई पर तिरछी लिफ्टों से ले जाने में बहुत खतरा है।
एक सूत्र ने बताया कि बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद, श्रम विभाग ने हमें इन झुकी हुई लिफ्टों के उपयोग की अनुमति नहीं दी। ऐसा लगता नहीं है कि यह परियोजना कभी शुरू होगी। वे (सरकार) जोखिम नहीं लेना चाहते हैं और लोगों को शहर के विहंगम दृश्य के लिए इतनी ऊंचाई तक ले जाने के विचार को छोड़ने की योजना बना रहे हैं।
