सिमरजीत सिंह बैंस बोले-मुझे सीएम का चैलेंज कबूल, घर पर हूं, करो गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह साफ कर दिया है कि उन्होंने मेरे पर यह मामला दर्ज करवाया है। मुझे सीएम का यह चैलेंज कबूल है, मैं कहीं भागा नहीं हूं, बल्कि अपने घर पर ही हूं। पुलिस चाहे तो कभी भी आकर मुझे गिरफ्तार कर ले। कुछ इसी अंदाज में लोक इंसाफ पार्टी प्रमुख और विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने सीएम को चैलेंज किया है। वह सोमवार को अपने दफ्तर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
बैंस ने बताया कि वह सीएम की धमकी से नहीं डरते है, जिस तरह से डीसी दफ्तर मुलाजिम यूनियन काम ठप कर रही है, उससे साफ है कि उनके खिलाफ एक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले वह लुधियाना को पासपोर्ट दफ्तर, वेरका मिल्क प्लांट में एक घपले की जांच करने गए। इस पूरे मामला का खुलासा किया लेकिन सरकार ने भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करने की जगह उलटा उनके खिलाफ मामला दर्ज किया।
उनकी कोशिश आम जनता की आवाज को दबाया जाए। लगभग 14 मामले पहले दर्ज है, एक और दर्ज हो गया तो क्या हुआ। न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा है और बटाला वाले मामले को लेकर उन्होंने अदालत में जमानत याचिका दायर कर दी है। इसकी अगली सुनवाई 12 सितंबर को होगी।
वही बैंस ने कहा कि लुधियाना सिटी सेंटर मामले की क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ स्टे लेने के लिए हाईकोर्ट में याचिका पहले दायर कर चुके है। इस मामले का अदालत में ट्रायल करने की मांग रख चुके है। इसकी सुनवाई भी 19 सितंबर को होगी। चाहे उन्हें इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं जाना पड़े, वह कोशिश करेंगे। सीएम इस मामले से उन्हें हटाने के लिए सभी प्रयास कर रहे है।
