सीकर: हनी ट्रैप में पकड़े गए कैदी ने चाकू से काटा खुद का गला, गंभीर हालत में जयपुर रेफर

सीकर. जिले के नीमकाथाना (Neemkathana) स्थित सब जेल में शनिवार को सनसनीखेज वारदात में एक ने कैदी चाकू से खुद का गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास (Attempt to commit suicide) किया. घटना का पता चलते ही जेल में अफरातफरी मच गई. खून से लथपथ कैदी को तत्काल स्थानीय अस्पताल (Hospital) ले जाया गया. वहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जयपुर रेफर (Jaipur Refer) कर दिया गया.
3 दिन पूर्व ही हनी ट्रैप के मामले में पकड़ा था
जानकारी के अनुसार, नीमकाथाना में 3 दिन पूर्व ही हनी ट्रैप के मामले में आरोपी बलवीर को सीकर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था. बाद में उसे नीमकाथाना की सब जेल में रखा गया था. शनिवार को बलवीर ने शाम को जेल परिसर से ही सब्जी काटने वाला चाकू चुरा लिया. बाद में चाकू से खुद के गले पर वार करके उसे काट लिया. वार इतना जबरदस्त था कि वहां खून ही खून फैल गया. कैदी द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने की सूचना पर जेल में हड़कंप मच गया.
गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया
आनन-फानन में कैदी बलबीर को नीमकाथाना के कपिल चिकित्सालय में लाया गया. वहां उसकी हालत गंभीर को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर कर दिया गया. सूचना पर बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
3 लाख रुपए लेते हुए पकड़ा था
उल्लेखनीय है कि सीकर पुलिस ने 3 दिन पहले बुधवार को कार्रवाई करते हुए रेप केस के एक मामले में बयान बदलने की एवज में 3 लाख रुपए लेते हुए बलबीर और रेप पीड़िता को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने इस संबंध में नीमकाथाना कोतवाली में मामला भी दर्ज कराया था. उल्लेखनीय है कि प्रदेश में इससे पहले भी हैनी ट्रेप के कई मामले सामने आ चुके हैं.
