सीबीएस के साथ अपडेट किया वेस्पा जेडएक्स 125 स्कूटर

नई दिल्ली। पियागो ने दिसंबर 2018 में अपने ज्यादातर स्कूटर को एबीएस या सीबीएस से लैस करके लॉन्च कर दिया था। लेकिन तब कंपनी ने वेस्पा एलएक्स 125 में इन सेफ्टी फीचर्स को शामिल नहीं किया था। अब वेस्पा के इस मॉडल को भी सीबीएस के साथ अपडेट कर दिया गया है। साथ ही कंपनी ने इस मॉडल के नाम में बदलाव कर वेस्पा जेडएक्स 125 सीबीएस कर दिया है। इसकी एक्स शोरूम (मुंबई) कीमत 78,750 रुपये है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वेस्पा का जेडएक्स 125 अब देश में कंपनी का सबसे सस्ता स्कूटर बन गया है। इसने नोट 125 स्कूटर को रिप्लेस किया है, क्योंकि इस स्कूटर में अभी यह जरुरी फीचर शामिल नहीं किया गया है। इससे माना जा रहा है कि कंपनी इस स्कूटर को बंद कर सकती है। एलएक्स 125 स्कूटर में दोनों पहियों में ड्रम ब्रेक दिया गया था, जबकि जेडएक्स 125 सीबीएस के फ्रंट में डिस्क ब्रेक दिया गया है। इसके अलावा स्कूटर में कोई और बदलाव नहीं हुआ है। वेस्पा जेड एक्स 125 में 125सीसी, कार्ब्यूरेटेड, 3-वॉल्व, सिंगल-सिलिंडर इंजन है। यह इंजन 7,250आरपीएम पर 9।6एचपी का पावर और 6,250आरपीए पर 9।9एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। मार्केट में इस स्कूटर की टक्कर सुजुकी एक्सेस 125 सीबीएस, सुजुकी बुर्गमेन स्ट्रीट, हॉन्डा ग्राजिया और हॉन्डा एक्टिवा 125 जैसे स्कूटर से मानी जा रही है। बता दें कि अप्रैल से सभी 125सीसी से कम इंजन क्षमता वाले टू-वीलर्स में सीबीएस यानी कम्बाइंड ब्रेकिंग सिस्टम जरुरी हो गया है।
