सुमित्रा ताई और कैलाश भाई की मौजूदगी में शंकर लालवानी ने इन्दौर से भरा पर्चा

इन्दौर । लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के चुनावी उत्तराधिकारी बनाये गये शंकर लालवानी ने मध्य प्रदेश के इंदौर लोकसभा क्षेत्र से शुक्रवार को पर्चा दाखिल किया। उनके सामने इस सीट पर भाजपा का 30 साल पुराना कब्जा बरकरार रखने की चुनौती है। 58 वर्षीय शंकर लालवानी ने अभिजीत मुहर्त में जिला निर्वाचन कार्यालय में भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन 'ताई' और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय 'भाई' भी मौजूद थे।
नामांकन भरने के बाद भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है, उन्हें पार्टी संगठन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि यहां से मैं नहीं, बल्कि 'कमल का फूल' उम्मीदवार है। नगर निगम सभापति और आईडीए के चेयरमेन रह चुके लालवानी अपने राजनीतिक कॅरियर में पहली बार लोकसभा चुनाव मैदान में उतरे है। उल्लेखनीय है कि इन्दौर सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में उनके नाम की अधिकृत घोषणा लम्बी जद्दोजहद के बाद 21 अप्रैल को की गई थी। उनके नाम की घोषणा से पहले और बाद भी उन्हें पार्टी के कुछ नेताओं का भी विरोध झेलना पड़ रहा है। इन्दौर लोकसभा सीट से कांग्रेस ने वरिष्ठ इंका नेता पंकज संघवी को प्रत्याशी बनाया है। संघवी अपने कॅरियर का दूसरा लोकसभा चुनाव लड़ रहे है, इसके पहले 1998 में उन्हें सुमित्रा महाजन से 49852 वोटों से शिकस्त मिली थी। 76 वर्षीय सुमित्रा ताई वर्ष 1989 से 2014 के बीच इन्दौर से लगातार 8 बार चुनाव जीत चुकी है, लेकिन 75 साल से ज्यादा उम्र के नेताओं को चुनाव नहीं लड़ाने के भाजपा के नीतिगत निर्णय को लेकर मीडिया में खबरें आने के बाद उन्होंने 5 अप्रैल को खुद घोषणा की थी कि वह बतौर उम्मीदवार चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगी। लालवानी के नाम की घोषणा से चार दिन पहले, कैलाश विजयवर्गीय ने भी सार्वजनिक रूप से चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी के रूप में अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए 17 अप्रैल को ट्विटर पर कहा था कि उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय किया है।
:: लाखों वोट से चुनाव जीतेंगे लालवानी : सुमित्रा महाजन
लालवानी के नामांकन भरने के बाद सुमित्रा महाजन ने कहा कि चुनाव जीतने के लिये हमारे प्रत्याशी ने नामांकन भरा है। वैसे भी लालवानी ने अपना नामांकन कांग्रेस के प्रत्याशी से पहले दाखिल किया है। आपने कहा कि इस चुनाव में पूरे देश में मोदीजी की सुनामी लहर चल रही है इसका फायदा इंदौर को भी मिलेगा तथा हम लाखों मतों से चुनाव जीतेंगे। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने दायित्व के अनुसार संगठित होकर कार्य कर रहा है। सभी को जो जवाबदारी दी गई है वह उसे पूरा करने में लगा है और हमारी जीत का संपूर्ण आधार हमारा कार्यकर्ता और इंदौर शहर की जागरूक जनता रहेगी।
:: जनता का भरपूर आशीर्वाद मिलेगा : विजयवर्गीय
इस मौके पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस बार एनडीए पहले से ज्यादा सीटे जीतेगा। लालवानी अच्छे व सक्रिय प्रत्याशी है इंजीनियर है और हमेशा रचनात्मक कार्यों में लगे रहते है। इन्हें शहर की जनता का भरपूर आशीर्वाद मिलेगा। आपने कहा कि राजनीति में विरेधी दलों के नेताओं से व्यक्तिगत संबंध होते है यह स्वभाविक प्रक्रिया है इसे अन्यथा नहीं लेना चाहिए। पश्चिम बंगाल पर बताते हुए आपने कहा कि यहां पर हो रही लगातार हिंसा, दुर्भाग्यपूर्ण है, लगातार भाजपा के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को सत्तादल के लोगों के द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। हम अंतिम दौड़ तक पश्चिम बंगाल में बने रहेंगे और सफलता भी हासिल करेंगे।
:: शिवराज की मौजूदगी में 29 को निकालेंगे नामांकन रैली : नेमा
नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने बताया कि शुक्रवार को अभिजीत मुहर्त होने से शुभ मुहर्त में हमारे प्रत्याशी ने वरिष्ठजनों की उपस्थिति में नामांकन दाखिल करा दिया है, अब 29 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की विशेष उपस्थिति में प्रातः 10 बजे भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी राजबाड़ा अहिल्या प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भाजपा विधायकगण एवं वरिष्ठजन तथा कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे।
