सुर्खियां: 15 अगस्त पर 300 आतंकियों से खतरा, आइसक्रीम और कुल्फी के 70 फीसद नमूने फेल

15 अगस्त पर यूपी के 9 समेत 300 आंतकियों से हमले का खतरा है. गृह मंत्रालय ने अलर्ट जारी कर दिया है. एडीजी जोन समेत अन्य आलाधिकारियों को इस संबंध में मंत्रालय से एक डायरी भेजी गई है जिसमें एक-एक आतंकी की जन्मकुंडली लिखी हुई है. शुक्रवार को आतंकियों का ब्योरा मिलने के बाद एडीजी ने जोन के सभी जिलों को भी हाईअलर्ट कर दिया. इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) के इनपुट के मुताबिक आतंकियों के निशाने पर यूपी भी है. लखनऊ समेत कानपुर, वाराणसी, इलाहाबाद, आगरा समेत पूर्वांचल के कई जिलों को निशाना बनाने की आशंका जताई गई है. अमर उजाला ने इस खबर प्रमुखता दी है.

आइसक्रीम और कुल्फी के नमूने फेल
दैनिक जागरण लिखता है आइसक्रीम और कुल्फी का स्वाद भले ही दिल को तृप्ति देती हो, लेकिन इन्हें जरा संभलकर खाएं. मिलावट का धंधा करने वाले आपकी सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं. यह कड़वी सच्चाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश भर में आइसक्रीम, कुल्फी, दूध व उससे बने उत्पादों और कोल्ड ड्रिंक के नमूनों की जांच में सामने आई है. आइसक्रीम व कुल्फी के करीब 70 फीसद नमूने मानकों की जांच में खरे नहीं उतरे. इसमें घातक रंगों के साथ पेंट तक की मिलावट करने में मिलावटखोर नहीं हिचके. वहीं दूध और उससे बने उत्पादों के 68 फीसद नमूने गड़बड़ पाये गए.

अस्पताल में बिना डॉक्टर इलाज
हिंदुस्तान लिखता है डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे यूपी में बड़ी पहल होने जा रही है. पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के 10 दूरस्थ अस्पतालों में मशीनों की मदद से इलाज होगा. इन अस्पतालों में एक भी डॉक्टर नहीं होगा. नर्स, लैब टेक्नीशियन और स्वीपर ही होंगे. इनमें मशीन ही खून की जांच करेगी, रक्तचाप, धड़कन नापेगी. दूर कहीं बैठे डॉक्टर टेलीकांफ्रेंसिंग पर मरीज से बात करेंगे. स्क्रीन पर रिपोर्ट देख लेंगे. वह जो दवा बताएंगे, वह मरीज को मशीन से ही मिल जाएगी.

बकरीद के मौके पर कश्मीरी छात्रों के लिए खास इंतजाम
एनबीटी लिखता है अगर आप कश्मीर से हैं और वर्तमान हालात की वजह से बकरीद पर घर नहीं जा पा रहे हैं, तो निराश न हों. कश्मीरी विद्यार्थियों के लिए प्रशासन बकरीद पर यहीं कार्यक्रम आयोजित करेगा, ताकि उन्हें अपनेपन का अहसास हो सके. गाजियाबाद के डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया जनपद में करीब 130 विद्यार्थी विभिन्न संस्थानों में पढ़ रहे हैं. प्रयास किया जा रहा है कि फोन से उनके परिवार के लोगों से बात भी कराई जाए.

Leave a Reply