सेवा-भक्ति / पावागढ़ मंदिर में पानी कमी, रोप-वे से पहुंचाया टैंकर

यात्राधाम पावागढ़ देश की 51 शक्तिपीठों में से एक है। यहां हर साल 38 लाख श्रद्धालु आते हैं। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है। इस बार प्रशासन की लापरवाही से मंदिर में पानी की कमी आने से अब रोप-वे के माध्यम से पूरा टैंकर ले जाया जा रहा है। ताकि पानी की कमी को दूर किया जा सके। सरकार की ओर से पावागढ़ को 121 करोड़ रुपए की ग्रांट दी गई है, उसके बाद भी ये हाल हैं।
नवरात्र के पहले ही दिन पानी की तंगी
चैत्र नवरात्र के पहले ही दिन मंदिर परिसर में पानी की कमी के कारण रोप-वे से पानी का टैंकर पहुंचाया गया। रोप वे से पानी का टैंकर देखकर लोग अचंभित रह गए। दूसरी तरफ व्यापारियों द्वारा पानी की चार लाख बोतलें पहाड़ी पर चढ़ाई, इससे भी यात्रियों को कुछ राहत मिली।
दो लाख भक्तों का सैलाब
नवरात्र के दूसरे दिन यहां करीब दो लाख भक्तों का सैलाब उमड़ा। रविवार को अवकाश होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी देखी गई। मंदिर के द्वार सुबह चार बजे ही खुल गए थे। रोप वे की बुकिंग 3 बजे से हेी शुरू हो गई थी।
