सॉफ्ट पावर कूटनीति : आईएस के कहर का शिकार लोगों को कृत्रिम पैर देगा भारत

नई दिल्ली, इराक में आईएस के कहर का शिकार बनकर अपना पांव गंवा चुके सैकड़ो लोगो को भारत की मदद से नई जिंदगी मिलेगी। भारत 24 नवंबर से इराक में जयपुर फुट का कैंप लगाने जा रहा है। इराक सरकार के साथ समझौते के मुताबिक करीब 550 लोगों को जयपुर फूट का कृत्रिम पांव लगाया जाएगा। 

भारत सरकार ने सॉफ्ट पावर कूटनीति के तहत दुनिया के कई संकटग्रस्त इलाको और गरीब देशों में अपना अभियान शुरू किया है। इराक के अलावा कई अफ्रीकी देश और पड़ोसी देश नेपाल में भी इस तरह के कैम्प लगाए जा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव दिनकर अस्थाना ने हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि भारत की सॉफ्ट पावर कूटनीति बहुत प्रभावी साबित हो रही है। हाल में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के मालावी दौरे के वक्त वहां जयपुर फुट के कैम्प का उद्घाटन किया गया था। अगले हफ्ते से वहां करीब 550 लोगों को कृत्रिम पांव लगाने का अभियान तेज होगा। भारत सरकार इसका वित्तपोषण कर रही है।

29 देशों में लगाए जा चुकें कैंप
अब तक जयपुर फुट के करीब 59 कैम्प करीब 29 देशों में लगाये गए हैं इनमे से 11 भारत सरकार द्वारा प्रायोजित किए गए हैं। भारत सरकार संयुक्त राष्ट्र में भी एक आयोजन कर चुकी है। 

मानवतावादी मुहिम का हिस्सा
सूत्रों ने कहा भारत सरकार का ये प्रयास महात्मा गांधी की 150 जयंती पर भारत की मानवतावादी मुहिम का हिस्सा है। भारत सरकार की इस मुहिम से दुनिया के कई देशों के नागरिकों से सीधा जुड़ाव होगा।
अशांत क्षेत्रों में अभियान चलेगा
भारत सरकार की योजना अशांत इथियोपिया, अंगोला, तंजानिया, मिस्र आदि देशों में भी अपना सॉफ्ट पावर अभियान शुरू करने की है। पड़ोसी नेपाल और म्यांमार में भी इस तरह के कैंप लगाए जाएंगे। 

रोकगार में भी मदद
अधिकारियों ने बताया जिन लोगों को पांव लगाया जाता है वे तुरंत चलना शुरू कर देते हैं। मालावी में तो एक महिला ने उपराष्ट्रपति के सामने दौड़ कर दिखाया। जिन लोगो को पांव लगाए गए उनमे से कई बिना पांव के अपना रोजगार खो चुके थे। उन्होंने कृत्रिम पांव लगने के बाद अपना रोजगार दोबारा शुरू किया। भारत सरकार गरीब लोगों को रोजगार शुरू करने के लिए कुछ आर्थिक मदद भी दे रही है। जिन लोगों को कैम्प में पांव लगाने के लिए रखा जाता है उनकी रहने व खाने की व्यवस्था भी सरकार द्वारा प्रायोजित होती है। 

Leave a Reply