सोनभद्र मिडडे मील अनियमितता: बीएसए ने शासन को भेजी रिपोर्ट, घटना सही पाई गई

लखनऊ. सोनभद्र (Sonbhadra) के प्राइमरी स्कूल (Primary School) में दूध में पानी मिलाए जाने के मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने जांच कर रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय भेज दी है. जानकारी के अनुसार रिपोर्ट में बीएसए ने घटना के सही होने की पुष्टि की है. मामले में बीएसए ने एबीएसए के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है. दरअसल सोनभद्र में चोपन ब्लाक के सलईबनवा प्राथमिक स्कूल में मिडडे मील (Midday Meal) के तहत बच्चों को दूध देते समय 1 लीटर दूध में एक बाल्टी पानी मिलाया गया और उसे 85 बच्चों को बांटा गया. मामले में एक तरफ डीएम ने एबीएसए के खिलाफ कार्रवाई, शिक्षक का निलंबन और शिक्षामित्र की सेवा समाप्ति के आदेश जारी किए हैं. वहीं शिक्षामित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के भी आदेश दिए गए हैं.
बता दें सोनभद्र के चोपन ब्लाक के सलईबनवा प्राथमिक स्कूल में बुधवार को मिड डे मील के अनुसार दूध देते समय एक बाल्टी पानी में 1 लीटर दूध मिलाकर गर्म किया गया और उसे बच्चों को बांट दिया गया. स्कूल की रसोईया फूलवंती ने बताया कि उसे एक ही लीटर दूध उपलब्ध कराया गया था और उसने उसे 1 लीटर दूध में एक बाल्टी पानी मिलाकर बच्चों को दे दिया.
जांच के बाद पहुंचे एबीएसए बोले…
वहीं दूसरी तरफ मौके पर जांच में पहुंचे एबीएसए मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया तो गलती शिक्षामित्र की लगती है और उसे कार्यमुक्त कर दिया गया है. हालांकि बाद में भूल सुधार करते हुए बच्चों को दोबारा भी दूध बांटा गया था. वीडियो बनाने वाले युवक राजवंश चौबे ने बताया कि जब मैं मौके पर गया तो मौके पर मैंने पानी मिलाते हुए खुद अपनी आंखों से देखा. पूछने पर बताया गया कि मैं तो रसोइया हूं, जो मिलता है वहीं हम पिलाते हैं.

Leave a Reply