सोनभद्र में घर में घुसकर 70 साल की बुजुर्ग महिला से रेप, आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र. देश भर में बच्चियों और महिलाओं के खिलाफ रेप और अपराथ (Crime Against Women) थम नहीं रहे हैं. अब उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सोनभद्र (Sonbhadra) में 70 साल की महिला से रेप (Rape) का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक जिले के अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी गांव की रहने वाली बुजुर्ग महिला (Old Woman) के साथ राम किशन ने घर में घुसकर रेप किया और फरार हो गया. इससे पीड़ित महिला की हालत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा. पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में इसकी तहरीर दी जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राम किशन को गिरफ्तार (Arrest) कर लिया.
पिपरी के सर्किल अफसर ने बताया कि यह घटना एक दिसंबर की है. उन्होंने कहा कि अनपरा थाना क्षेत्र के एक गांव की एक बुजुर्ग महिला के साथ बलात्कार का मामला संज्ञान में आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.
अखिलेश ने रेप के मामलों को लेकर योगी सरकार पर साधा निशाना
इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है. न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था ठप हो चुकी है. बीजेपी की सरकार में महिलाएं और बेटियां महफूज नहीं हैं. वो घर से बाहर कामकाज के सिलसिले में या अन्य जरूरी चीजों के लिए डर के साये में निकलती हैं.
अखिलेश ने महिलाओं के खिलाफ अपराध की कई वारदातों का जिक्र करते हुए कहा, 'उत्तर प्रदेश में महिलाओं की स्थिति खराब हो रही है. आए दिन रेप की खबरें सामने आती हैं. बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के कथित आंदोलनकारियों के सत्ता पर बैठे होने के बावजूद अमानवीय घटनाएं रोक नहीं रही हैं. नाबालिग और छोटी बच्चियां भी क्रूरता का शिकार बन रही हैं.'
