सोनीपत में बदमाशों ने दिनदहाड़े पीएनबी से लूटे 8 से 10 लाख रुपये

सोनीपत । हरियाणा के सोनीपत के पंजाब नेशनल बैंक में दिनदहाड़े दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लूटेरो ने बैंक से 8 से 10 लाख रुपये लूट लिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पीएनबी के स्टाफ और ग्राहक सदमे में हैं। दरअसल, बाइक सवार दो बदमाशों ने चाकू और गन पॉइंट पर इस लूट की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीमों सहित डीएसपी ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। बैंक में हुई लूट की यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फोटोज के मुताबिक, एक बदमाश मेन गेट पर खड़ा रहा तो दूसरे ने कैशियर की कनपटी पर गन लगाई और कैश लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश बिना नंबर की लाल कलर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। वारदात के वक्त बैंक में मौजूद ग्राहकों ने बताया कि दो बदमाश थे। एक के हाथ में चाकू था तो दूसरे के हाथ में बंदूक थी। जिसके हाथ में बंदूक थी वह कैशियर के पास गया और कहा कि जल्द से जल्द जितना भी कैश है, बैग में डाल दो। वहीं मौके पर पहुंचे डीएसपी हंसराज ने बताया कि प्राथमिक जांच में 8 से 10 लाख रुपये की लूट बताई जा रही है। फिलहाल चारों तरफ नाकेबंदी करवा दी गई है और जल्द से जल्द इन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
