सोलन में तीन मंजिला होटल जमींदोज, 15 लोगों की मौत की आशंका

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन के कुमारहट्टी में रविवार की दोपहर एक तीन मंजिला होटल जमींदोज हो गया। इस भवन में करीब 50 लोगों के होने की बात कही जा रही है। यहां भोजन करने के लिए रुके सेना के 30 जवान भी दब गए, जिनमें से 15 की मौत की सूचना है। बताया जा रहा है करीब 18 लोगों को घायल अवस्था में मलबे से निकाल लिया गया है, जिनमें दस सेना के जवान हैं। पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंच हैं। सोलन के एसडीएम रोहित राठौर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। उनकी मौजूदगी में बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। इमारत के गिरने के कारण का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। हिमाचल प्रदेश में इस तरह का यह पहला हादसा है।
बताया जा रहा है कि होटल में सेना के जवान भोजन करने के लिए रुके हुए थे। इस दौरान अचानक भवन गिर गया। सेना के जवानों सहित होटल के कर्मी व कुछ और लोगों के भी अंदर फंसे होने की आशंका है। बताया जा रहा है तीन मंजिला भवन की धरातल पर ढाबा था व ऊपरी मंजिलों में होम स्टे चल रहा था। यह भवन सड़क के साथ बिल्कुल सटा हुआ था व दूसरी तरफ ढलान थी। स्टेशन कमांडर कसौली छावनी का कहना है ये जवान डगशाई छावनी के हैं।
