स्टिक पर ज्यादा पेंट करने पर प्रतियोगिता में भाग लेने से रोका

पूर्व मास्टर चैंपियन जापान के 30 साल के गोल्फर हिदेकी मातसुयामा को प्रतियोगिता के बीच में अयोग्य घोषित कर दिया गया। अधिकारियों का मानना था कि उन्होंने अपनी 3-वुड को कुछ ज्यादा ही सफेद पेंट किया हुआ है जोकि नियमों के खिलाफ है। रिपोर्टों के अनुसार इसमें फ्लूड का इस्तेमाल किया गया है। दुनिया में 12वें नंबर के खिलाड़ी को जब अयोग्य घोषित किया गया तब वह 10वीं टी पर तीन ओवर के स्कोर पर थे।आठ साल पहले 2014 में पेशेवर गोल्फ टूर पर पहली जीत हासिल करने वाले मातसुयामा को कॅरिअर में पहली बार अयोग्य घोषित किया गया है। मातसुयामा ने इसे अपने शुरुआती शॉट के लिए उपयोग किया था। अगर उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया होता तो उन्हें अयोग्य घोषित नहीं किया जाता।चीफ रेफरी स्टीव रिनटोल ने कहा कि 3-वुड पर बनाई गई वृत्ताकार रेखाएं मुद्दा नहीं है लेकिन इसकी परत इतनी मोटी है कि इससे गेंद की फ्लाइट पर असर पड़ सकता है। नियम 4.1-ए (3) के तहत इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती। रिनटोल ने कहा कि गोल्फ इंडस्ट्री में किसी ने मातसुयामा के क्लब की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इसके बाद इसे अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया।
