स्मिथ कर सकते हैं सचिन की बराबरी : रोजर्स

चेन्नई । क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की 14 सदस्यी नेशनल परफॉर्मेंस टीम के मुख्य कोच क्रिस रोजर्स को उम्मीद है कि स्टीव स्मिथ अगर अपनी फॉर्म को बरकरार रख पाते हैं तो वह सर्वकालिक महान बल्लेबाजों जैसे सचिन तेंडुलकर से आगे निकल सकते हैं। रोजर्स ने कहा, 'वह (स्मिथ) शीर्ष बल्लेबाजों में शामिल हैं। मैं खुद को खुशकिस्मत समझता हूं जिसने तेंडुलकर, विराट कोहली और एबी डि विलियर्स के खिलाफ खेला है और स्टीव उस लीग में शामिल हैं। अगर वह इसी फॉर्म में खेलते रहें तो वे इनसे आगे निकल सकते हैं।'
ऑस्ट्रेलिया के लिए 25 टेस्ट मैच खेलने वाले रोजर्स को यकीन है कि एशेज के पहले टेस्ट में 8 और 7 रन की पारियां खेलने वाले कैमरन बैंक्रॉफ्ट लॉर्ड्स में होने वाले दूसरे टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, 'हालिया वक्त में बैंक्रॉफ्ट अच्छी फॉर्म में थे। वह अपने प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापस आए हैं। लॉर्ड्स में कई बार विकेट बल्लेबाजों के लिए बेहतर हो सकता है। तो अगर वह आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करें तो वह अच्छे रन बना सकते हैं।' रोजर्स ने इंग्लैंड में मिडलसेक्स, डर्बीशर और लीस्टरशर जैसी काउंटी के लिए क्रिकेट खेला है। उन्हें लगता है कि इंग्लैंड में फ्रंट फुट पर खेलने वाले बल्लेबाज अधिक कामयाब होते हैं। उन्होंने कहा, 'फ्रंटफुट पर खेलने का हुनर सीखना इंग्लैंड में कामयाबी का मंत्र है। ऑस्ट्रेलिया में हमें बैकफुट पर रन बनाने की आदत होती है और यही कारण है कि हमारे कुछ खिलाड़ी इंग्लिश परिस्थितियों के अनुसार अपने खेल को ढालने में संघर्ष करते नजर आते हैं। काउंटी में खेलने से बल्लेबाजों को इसमें मदद मिलती है।' 

Leave a Reply