स्मिथ भी विराट के समान सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज : लैंगर

बर्मिंगम । ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर ने कहा है कि स्टीव स्मिथ और भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली दोनो ही विश्व के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। लैंगर ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ पहले एशेज क्रिकेट टेस्ट की दोनों पारियों में स्मिथ ने शतक लगाकर दिखाया है कि वह भी विराट के स्तर के बल्लेबाज हैं। लैंगर ने कहा कि स्मिथ ने अपने करियर की शुरुआत स्पिनर के रूप में करते हुए शीर्ष बल्लेबाज तक का सफर किया है जो हैरानी भरा है। ऑस्ट्रेलियाई कोच ने कहा, ‘जब स्मिथ पहली बार आए तो लेग स्पिनर थे, तब हमें नहीं लगता कि वह टीम में जगह बना पाएंगे। इसके बाद वह बल्लेबाज के रुप में सामने आये और आज यहां तक पहुंच गये हैं।’
लैंगर ने कहा, ‘ उन्होंने स्वयं को बदला और वह विराट के साथ दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। उन्हें इसका पूरा श्रेय जाता है।’ कोच ने कहा, ‘पिछले सत्र में मैंने कहा था कि जिन्हें मैंने देखा उनमें विराट सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं लेकिन स्मिथ की ये पारियां किसी और स्तर की थीं।’ कोहली फिलहाल आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक पर हैं जबकि स्मिथ पहले टेस्ट में दो शतक के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका में गेंद से छेड़छाड़ मामले के कारण एक साल के अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध के बाद अपना पहला टेस्ट खेल रहे स्मिथ ने पहली पारी में 144 और दूसरी पारी में 142 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
