हथियारबंद अपराधियों ने लोजपा महासचिव को मारी गोली, हालत नाजुक

भोजपुर । आरा में हथियारबंद अपराधियों ने लोजपा के महासचिव को अपना निशाना बनाया है। अपराधियों ने देर रता जगदीशपुर थाना क्षेत्र के इसाढी बाजार के पास लोजपा महासचिव को गोली मार दी, जो उनके सिर में पीछे लगी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गये। इसके बाद उनको आनन-फानन में शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। जख्मी युवक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव निवासी राम तपस्या सिंह के 40 वर्षीय पुत्र प्रेमचंद यादव के रुप में हुई। जानकारी के अनुसार वो लोजपा के प्रदेश महासचिव हैं। घटना के बाद लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई। जख्मी के परिजनों ने बताया कि वो देर रात पीरो थाना क्षेत्र के कचनथ गांव निवासी एवं अपने साले संजीव कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर इसाढ़ी गांव दुगोला कार्यक्रम देखने गए थे। जब वह कार्यक्रम देखने के बाद बुधवार की मध्य रात्रि बाइक से अपने साले के साथ वापस कुसुम्हा गांव लौट रहे थे। उसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये। जख्मी युवक को गोली सिर में पीछे लगी थी जो दाहिने साइड गर्दन में आकर फंस गई थी। ऑपरेशन कर जख्मी युवक के गर्दन से बुलेट निकाल दिया गया है। प्रेमचंद का इलाज कर रहे डॉक्टर विकास ने बताया कि जख्मी युवक अब खतरे से बाहर है।
घटना को किन कारणों से अंजाम दिया गया है ये अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। फि लहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि जिले में 24 घंटे के भीतर अपराध की ये दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले बुधवार की दोपहर ही आरा शहर में नवादा थाना इलाके के पकड़ी चौक के पास अपराधियों ने खदेड़ कर दो लोगों को गोली मार दी थी। इस घटना में एक शख्स जो कि जिले के कुख्यात बुटन चौधरी का भतीजा है की इलाज के दौरान मौत हो गई थी जबकि दूसरा जख्मी है।
