हरियाणाः करनाल में धारदार हथियार से पति-पत्नी की हत्या, शव को जलाने का प्रयास भी किया गया

कस्बे के एक गांव में खेतों में काम कर अपना गुजर-बसर करने वाले दंपती की कस्सी से काटकर हत्या कर दी। हत्या से पहले महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। गुरुवार सुबह दोनों के शव अर्धनग्न हालत में मिले हैं। युवक के शव को चारपाई और कपड़ों के साथ जलाने की कोशिश भी की गई। सूचना मिलने पर डीएसपी, थाना प्रभारी, फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खून से सनी कस्सी के अलावा अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने कस्सी से ही हत्या को अंजाम दिया हो। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए करनाल भिजवाया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने भतीजे की शिकायत पर एक नामजद समेत एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

सतपाल के खेतों में जिला मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक और उसकी पत्नी काम करते थे। दंपती काफी वर्षों से यहीं मजदूरी का काम कर जीवन यापन कर रहा था। दोनों पति-पत्नी खेतों में बने कमरे में रहते थे। मृतकों के भतीजे ने आरोप लगाया कि बुधवार की देर शाम गगसीना निवासी प्रिंस और उसका एक साथी बाइक पर सवार होकर उसके चाचा के पास पहुंचा था।
उनको छोड़कर वह मूनक चला गया और रात होने के कारण वह अपने दोस्त के पास रुक गया। गुरुवार सुबह करीब छह बजे जब वह खेत में बने कमरे पर पहुंचा तो उसके चाचा का शव कमरे के बरामदे में पड़ा था। चाची का शव पचास गज की दूरी पर पड़ा था। हमलावरों ने चारपाई और शव के पास पड़े कपड़ों को भी जलाने की कोशिश की।

पति-पत्नी के मर्डर की सूचना आसपास के गांवों में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों का हुजूम एकत्रित हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी रामदत्त, थाना प्रभारी सचिन कुमार और फोरेंसिक टीम ने छानबीन की। पुलिस को शव के पास से खून से सनी कस्सी भी मिली है।

कस्सी के अलावा फोरेंसिक टीम ने अन्य साक्ष्य भी घटनास्थल से जुटाए हैं। पुलिस ने गगसीना निवासी प्रिंस और उसके एक साथी के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म करने का प्रयास करने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक दंपती की निर्मम हत्या की गई है। दोनों के शव अर्धनग्न हालत में खेतों से बरामद हुआ है। घटनास्थल से खून से सनी कस्सी और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया है। पुलिस ने गगसीना निवासी प्रिंस और उसके साथी के खिलाफ हत्या व दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला दर्ज कर लिया है।

 

Leave a Reply