हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना शुरू की

हरियाणा : सरकार ने अपने राज्य के बागवानी किसानों को सुरक्षा कवच प्रदान करते हुए उनके लिए मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना शुरू की है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की तरह यह योजना काम करेगी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गेहूं और धान समेत तमाम अधिसूचित फसलें कवर होती हैं। मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में 21 तरह के फल, सब्जियां और मसालों की खेती बीमा कवर के दायरे में आएगी। प्रदेश सरकार की इस योजना से हरियाणा के करीब 10 लाख किसानों को लाभ मिलने की संभावना है।
प्रदेश सरकार ने सब्जियों को तो भावांतर भरपाई योजना में शामिल कर लिया था, लेकिन बागवानी फसलें और मसाले इससे अछूते थे। लिहाजा मुख्यमंत्री ने मसालों, बागवानी फसलों और सब्जियों को बीमा कवर प्रदान करने का अहम निर्णय लिया है। बीमा का सुरक्षा कवच मिलने की वजह से किसान बिना किसी भय के आम, अमरूद, संतरा, लीची, आडू, आलूबुखारा समेत तथा सब्जियों की खेती की तरफ रुख कर सकेंगे।
