हरियाणा सिंगर मर्डर केस: बहन के आरोपों के बाद हर्षिता का जीजा पुलिस रिमांड पर

पानीपत. हरियाणवी डांसर-सिंगर हर्षिता दहिया की बड़ी बहन लता ने अपने ही पति पर हत्या के आरोप लगाए थे। पुलिस गुरुवार को लता के पति दिनेश को प्रोटेक्शन वारंट पर ले आई है। दिनेश को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। दिनेश रेप के आरोप में जेल में बंद था। बता दें कि दिनेश की पत्नी लता ने कहा था कि पति ने पहले मेरी मां को मार दिया और अब हर्षिता का भी मर्डर कर दिया। लता ने कहा कि दिनेश ने जेल से ही हर्षिता के मर्डर की साजिश रची।

जीजा दिनेश ने किया था हर्षिता का रेप

– लता ने बताया था, "पिता राजकुमार की 6 साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद हर्षिता मेरे पास दिल्ली के कराला गांव में रहने लगी थी। जब हर्षिता 10वीं में पढ़ती थी, तब मेरे पति दिनेश ने स्कूल से भरी कक्षा से उठाकर उससे रेप किया था। इसके बाद मां प्रेमो ने दिनेश पर केस दर्ज करा दिया।"

– "पति मां पर समझौते का दबाव बनाता था, लेकिन उन्होंने समझौता नहीं किया।"

– 2014 में दिनेश पर प्रेमो की गोली मारकर हत्या करने का केस दर्ज है। हर्षिता मां की हत्या की चश्मदीद गवाह थी।

 

दबाव के बाद भी गवाही से पीछे नहीं हटी हर्षिता

– हर्षिता की बड़ी बहन लता की शादी कराला में और मझली बहन मीनू की शादी बिजवासन में हुई थी। पिता राज कुमार और मां प्रेमो की मौत के बाद हर्षिता नरेला में मौसी के घर रहने लगी थी। 

– दिनेश के डर के मारे दोनों बहनों ने हर्षिता से संपर्क तोड़ लिया था। घर चलाने के लिए हर्षिता डांसिंग और सिंगिंग करने लगी। इसमें कामयाबी मिली। अब हर्षिता जीजा दिनेश से सीधे टकराने की हिम्मत दिखा रही थी। 

– दबाव के बाद भी उसने अपनी मां प्रेमो की हत्या के मामले में गवाही नहीं छोड़ी।

 

कौन है दिनेश?

– दिनेश दिल्ली के बदमाशों में शामिल है। उस पर हर्षिता की मां प्रेमो की हत्या, हर्षिता से दुष्कर्म समेत हत्या हत्या की कोशिश के करीब छह केस दर्ज हैं। 

– पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी रखा था। उसे सोनीपत की सीआईए, एसआईटी ने करीब दो साल पहले मोहाना गांव के पास से पीछा कर जट्ट माजरा गांव में पकड़ा था। दिनेश को अभी किसी केस में सजा नहीं हुई है।

 

हर्षिता ने भी दिनेश को मारी थी गोली

-2014 में हर्षिता ने धमकियों से तंग आकर और अपने साथ हुए दुष्कर्म का बदला लेने के लिए दिनेश पर गोली चलाई थी। हालांकि, दिनेश बाल-बाल बच गया था। दिल्ली पुलिस ने मामले में हर्षिता के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया था।

Leave a Reply